Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्वैच्छिक रक्तदान को जन आंदोलन बनाएं: डॉ. दिनेश

July 31, 2026

स्वैच्छिक रक्तदान को जन आंदोलन बनाएं: डॉ. दिनेश

रेड रिबन क्लब के पीयर एजुकेटर्स एवं नोडल अधिकारियों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम एवं एक्सपोज़र विजिट संपन्न

मंडी: हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति के निर्देशानुसार जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम, मंडी द्वारा सीएमओ कॉन्फ्रेंस हॉल, जोनल अस्पताल मंडी में रेड रिबन क्लब के पीयर एजुकेटर्स एवं नोडल अधिकारियों के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम एवं एक्सपोज़र विजिट का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी सह वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश ठाकुर ने की। कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन एमओएच सह जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी, डॉ. अरिंदोम रॉय द्वारा किया गया।

डॉ. दिनेश ठाकुर ने युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान को जन आंदोलन बनाने, सुरक्षित जीवनशैली अपनाने तथा एचआईवी, हेपेटाइटिस एवं अन्य यौन संचारित संक्रमणों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी, डॉ. अरिंदोम रॉय ने कहा कि रेड रिबन क्लब के पीयर एजुकेटर्स एवं नोडल अधिकारी युवाओं तक सही एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर विजिट विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें समाज में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के प्रभावी दूत बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान बीसीएसयू काउंसलर संगीता ठाकुर, आईसीटीसी काउंसलर  श्यामलता ठाकुर, एसटीआई काउंसलर  सीमांत गुलेरिया तथा आईसीटीसी सुंदरनगर की काउंसलर  मुनीष प्रभा ने प्रतिभागियों को एचआईवी/एड्स, हेपेटाइटिस-बी एवं सी, एबीसी रणनीति, यौन संचारित संक्रमण, सुरक्षित रक्ताधान, स्वैच्छिक रक्तदान, रक्त घटक पृथक्करण, सुरक्षित रक्त की उपलब्धता तथा संक्रमण की रोकथाम विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।

इसके उपरांत प्रतिभागियों को  ब्लड सेंटर, आईसीटीसी तथा एआरटी सेंटर, जोनल अस्पताल मंडी का एक्सपोज़र विजिट करवाया गया। इस दौरान उन्हें रक्तदान से लेकर रक्त संग्रहण, रक्त की जांच, रक्त घटक पृथक्करण, रक्त भंडारण, रक्त वितरण प्रणाली, रक्त की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया, एचआईवी परामर्श एवं परीक्षण सेवाओं तथा एआरटी सेंटर द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने विभिन्न सेवाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कर उनके संचालन की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने अपने-अपने शिक्षण संस्थानों में एचआईवी/एड्स, हेपेटाइटिस-बी एवं सी, एसटीआई की रोकथाम, सुरक्षित रक्ताधान तथा स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। सभी प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम, मंडी तथा जोनल अस्पताल मंडी का आभार व्यक्त किया।

इस कार्यक्रम में कुल लगभग 65 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें सम्पति नर्सिंग कॉलेज, बिजनी, एमएलएसएम कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सुंदरनगर, राजकीय पॉलिटेक्निक, सुंदरनगर, ड्रीम्स इंजीनियरिंग कॉलेज, सुंदरनगर, हैप्पी यंग आईटीआई, सुंदरनगर, डिग्री कॉलेज, सुंदरनगर, भुवनेश्वरी आईटीआई, भौट जीडीसी, डैहर, राजकीय आईटीआई (PWD), सुंदरनगर, राजकीय आईटीआई, डैहर, हिमाचल डेंटल कॉलेज, सुंदरनगर, जीवन रेखा नर्सिंग कॉलेज, सुंदरनगर, अरोमा कॉलेज ऑफ नर्सिंग, खिलड़ा, सिरडा फार्मेसी कॉलेज, नौलखा, नंदिनी नर्सिंग कॉलेज, कन्नैड, जेएनजीसी, सुंदरनगर, नोबल बी.एड. कॉलेज, पंडोह से प्रतिभागी उपस्थित रहे।

📍 Location: मंडी (Mandi)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें