Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

केमिकल फैक्ट्री में लगी आग, सामान जलकर हुआ राख

August 1, 2026

केमिकल फैक्ट्री में लगी आग, सामान जलकर हुआ राख

जालंधर: शहर की थ्री स्टार कॉलोनी स्थित आदर्श एंटरप्राइज कैमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। चंद मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। आग की चपेट में कैमिकल आने से फैक्ट्री के अंदर तीन बार जोरदार धमाके हुए, जिससे आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।

फायर ब्रिगेड अधिकारी रजिंदर कुमार सोहता ने बताया कि शेखे रोड स्थित थ्री स्टार कॉलोनी में आदर्श एंटरप्राइज कैमिकल फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि आग लगने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि आग की घटना में फैक्ट्री के अंदर रखा कैमिकल और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे फैक्ट्री मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें