Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुल्लू: मनाली में दर्दनाक सड़क हादसा, नाले में गिरी जिम्नी, 2 लोगों की मौत, 3 घायल

August 1, 2026

कुल्लू: मनाली में दर्दनाक सड़क हादसा, नाले में गिरी जिम्नी, 2 लोगों की मौत, 3 घायल

कुल्लू: जिले के मनाली उपमंडल में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। ओल्ड मनाली स्थित क्लब हाउस के समीप एक जिम्नी वाहन अनियंत्रित होकर करीब 20 फुट गहरी मनालसु नाले में जा गिरा। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं।

पुलिस कंट्रोल रूम से सुबह हादसे की सूचना मिलते ही थाना मनाली की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच के अनुसार काले रंग की जिम्नी (पंजीकरण संख्या HP26A-0011) वशिष्ठ से मनाली की ओर आ रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन सड़क से नीचे मनालसु नाले में जा गिरा।

वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे में चालक रोहित कुमार (32), निवासी जिला मंडी और करूण बौद्ध (35), निवासी बजौरा, जिला कुल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, वाहन में सवार विवेक (30), नरेश कुमार (28) और उर्मिला (22) घायल हुए हैं। तीनों का मेडिकल परीक्षण करवाकर उपचार जारी है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मनाली शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद नियमानुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। थाना मनाली में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही और वाहन से नियंत्रण खोना पाया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

जिला पुलिस कुल्लू ने वाहन चालकों से अपील की है कि विशेषकर पर्वतीय और घुमावदार सड़कों पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें, सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं तथा यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

📍 Location: Manali (Manali)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें