Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

राज्यपाल ने 14वें थल सेनाध्यक्ष जनरल वी.एन. शर्मा के निधन पर व्यक्त किया शोक

August 1, 2026

राज्यपाल ने 14वें थल सेनाध्यक्ष जनरल वी.एन. शर्मा के निधन पर व्यक्त किया शोक

शिमला: राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने भारतीय थल सेना के पूर्व अध्यक्ष जनरल वी. एन. शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। वे 97 वर्ष के थे। जनरल वी. एन. शर्मा भारतीय थल सेना के 14वें प्रमुख थे और उन्होंने वर्ष 1988 से 1990 तक सैन्य प्रमुख के रूप में अपनी बहुमूल्य सेवाएं दीं। उन्होंने देश की सुरक्षा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने उत्कृष्ट नेतृत्व, उच्च पेशेवर दक्षता तथा राष्ट्र के प्रति निःस्वार्थ सेवा की प्रेरणादायी विरासत छोड़ी है।

राज्यपाल ने कहा कि जनरल शर्मा मूलरूप से हिमाचल प्रदेश से संबंध रखते थे। उनका पैतृक गांव जिला कांगड़ा का डाड गांव था, जो अपनी समृद्ध सैन्य परंपरा तथा सशस्त्र बलों में उल्लेखनीय योगदान के लिए जाना जाता है। राष्ट्रीय सेवा में दशकों तक योगदान देने के साथ-साथ उन्होंने अपने पैतृक गांव से गहरा जुड़ाव बनाए रखा था। हाल ही में पैतृक गांव डाड से अपने निवास दिल्ली स्थित डिफेंस कॉलोनी गए थे।
कविन्द्र गुप्ता ने उनके निधन को एक युग का अंत बताते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश ने अपने श्रेष्ठ सैन्य नायक में से एक को खो दिया है। उन्होंने कहा कि जनरल शर्मा की विशिष्ट सेवाएं, सत्यनिष्ठा तथा देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्र की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के प्रति जनरल शर्मा की अटूट प्रतिबद्धता ने उन्हें सशस्त्र बलों तथा देशवासियों का सम्मान और प्रशंसा दिलवाई। भारतीय सेना को सशक्त बनाने में उनके अमूल्य योगदान को सदैव कृतज्ञता और गर्व के साथ याद किया जाएगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें