Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

नाहन मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल, सिटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी आवश्यक सुविधाएं ठप : डॉ. राजीव बिंदल

August 2, 2026

नाहन मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल, सिटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी आवश्यक सुविधाएं ठप : डॉ. राजीव बिंदल

शिमला: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और इसका सबसे गंभीर उदाहरण नाहन मेडिकल कॉलेज है। उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले के एकमात्र प्रमुख चिकित्सा संस्थान में आज सिटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड तथा अन्य महत्वपूर्ण डायग्नोस्टिक सेवाएं चिकित्सकों की कमी के कारण बंद होने की स्थिति में पहुंच गई हैं। यह अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है, क्योंकि इसका सीधा असर हजारों मरीजों के उपचार पर पड़ रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा पहले भी नाहन मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्थाओं को सरकार के समक्ष उठाती रही है। ऑपरेशन थिएटर लंबे समय से पूरी क्षमता के साथ संचालित नहीं हो पा रहे हैं, जिसके कारण ऑर्थोपेडिक्स, सामान्य सर्जरी तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में ऑपरेशन के लिए मरीजों को 15-15 दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। गंभीर रोगियों को समय पर उपचार न मिलना स्वास्थ्य व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों में नए विभाग, नई सुविधाएं और सीटों का विस्तार किया जा रहा है, लेकिन नाहन मेडिकल कॉलेज विकास की दौड़ में लगातार पिछड़ता जा रहा है।

भवन निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण नए विभाग शुरू नहीं हो पा रहे हैं, बेड क्षमता नहीं बढ़ रही, चिकित्सकों के पद नहीं बढ़ाए जा रहे और पोस्ट ग्रेजुएशन की सुविधाओं का भी विस्तार नहीं हो रहा। इसका खामियाजा सिरमौर जिले के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। डॉ. बिंदल ने प्रदेश सरकार से मांग की कि नाहन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों के रिक्त पद तत्काल भरे जाएं, बंद पड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को शीघ्र बहाल किया जाए, ऑपरेशन थिएटरों को पूरी क्षमता से संचालित किया जाए तथा मेडिकल कॉलेज के अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि सिरमौर की जनता को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें