Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘JPSC 14वीं पीटी परीक्षा रद्द करने की मांग’, छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे

August 3, 2026

‘JPSC 14वीं पीटी परीक्षा रद्द करने की मांग’, छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे

नेशनल डेस्क: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने सोमवार से रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

‘बार-बार सरकार के सामने अपनी बातें रखीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई’

देवेंद्र नाथ महतो का आरोप है कि झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (PT) के परिणाम जारी होने के बाद कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा में अनियमितताओं और गड़बड़ियों की शिकायत की। उनका कहना है कि छात्रों ने बार-बार सरकार और आयोग के सामने अपनी बातें रखीं, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर आंदोलन की शुरुआत 5 जुलाई से हुई थी। इसके बाद 7 जुलाई को छात्र प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर अपनी शिकायतें रखीं। 8 जुलाई को विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला दहन किया गया। वहीं, 20 जुलाई को मुख्यमंत्री को कथित गड़बड़ियों से जुड़े सबूत भी सौंपे गए। उनका दावा है कि इसके बाद जांच शुरू हुई और कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

 

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि आंदोलन के दौरान सत्याग्रह, संविधान मार्च और अन्य शांतिपूर्ण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, लेकिन ज्ञापन में शामिल प्रमुख मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उनका आरोप है कि सरकार और आयोग का रवैया छात्रों का मनोबल तोड़ने वाला है।

अन्न-जल का त्याग कर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की

उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने आज से अन्न और जल का त्याग कर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की है। उनकी मुख्य मांग है कि JPSC 14वीं पीटी परीक्षा को रद्द किया जाए और TDPL एजेंसी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

गौरतलब है कि JPSC 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (PT) झारखंड सरकार के विभिन्न ग्रुप-ए और ग्रुप-बी (राजपत्रित) पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जाती है। इस परीक्षा का आयोजन झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा किया जाता है। परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद से इसे लेकर विवाद और अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं, जिसके कारण छात्र लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें