Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

छात्रों के मुद्दे पर राहुल गांधी का PM मोदी पर हमला, बोले- समाधान चाहिए, माफी नहीं

August 4, 2026

छात्रों के मुद्दे पर राहुल गांधी का PM मोदी पर हमला, बोले- समाधान चाहिए, माफी नहीं

नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी भी नेता को देश के भविष्य को “माफ” करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने यह टिप्पणी प्रधानमंत्री के उस बयान के जवाब में की, जिसमें पीएम मोदी ने जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले कुछ युवाओं को “माफ” करने की बात कही थी।

दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में वरिष्ठ नेता वाइको की पुस्तक ‘वाइको इन पार्लियामेंट’ के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि देश इस समय एक कठिन दौर से गुजर रहा है। उनके मुताबिक, बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं और वे निष्पक्ष परीक्षाओं तथा बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

वे उन्हें माफ करने वाले कौन होते- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा, “हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं कि मैं उन्हें माफ करता हूं। मुझे समझ नहीं आता कि वे उन्हें माफ करने वाले कौन होते हैं। उन्हें यह अधिकार किसने दिया कि वे भारत के भविष्य को माफ करें?” उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने की जरूरत है, न कि उन्हें इस तरह संबोधित करने की। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और उनके सहयोगियों की सोच के पीछे एक ऐसी विचारधारा है, जिसे वह देश के लिए चिंताजनक मानते हैं।

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने वाइको की राजनीतिक यात्रा और उनके विचारों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी नेता का सबसे बड़ा गुण उसकी विचारों में निरंतरता होती है। उनके अनुसार, वाइको ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में हमेशा अपने सिद्धांतों पर कायम रहकर काम किया है। राहुल गांधी ने वाइको की उम्र का जिक्र करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वह 82 वर्ष के होने के बावजूद आज भी लगातार सवाल पूछते हैं और यही किसी व्यक्ति को युवा बनाता है। उन्होंने कहा कि युवा वही है, जो समाज और व्यवस्था से सवाल पूछने का साहस रखता है।

क्या कहा था प्रधानमंत्री मोदी ने?

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश में युवाओं को संबोधित किया था। उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा था कि कुछ युवाओं ने उनके और उनकी दिवंगत माता के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि वह उन “शरारती बच्चों” को माफ करना चाहते हैं और उम्मीद करते हैं कि वे भविष्य में बेहतर रास्ता अपनाएंगे। राहुल गांधी की प्रतिक्रिया इसी बयान के संदर्भ में आई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें