Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमृतसर पश्चिम हलके में 50 साल पुरानी पेयजल पाइपलाइनें जल्द बदली जाएंगी: डॉ. जसबीर सिंह संधू

August 4, 2026

अमृतसर पश्चिम हलके में 50 साल पुरानी पेयजल पाइपलाइनें जल्द बदली जाएंगी: डॉ. जसबीर सिंह संधू

अमृतसर: आम आदमी पार्टी के अमृतसर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू द्वारा पंजाब विधानसभा में उठाए गए सवाल के जवाब में स्थानीय निकाय मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस ने भरोसा दिलाया है कि अमृतसर पश्चिम हलके के विभिन्न क्षेत्रों में पुरानी और जर्जर हो चुकी पेयजल पाइपलाइनों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाएगा।

विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू ने विधानसभा में प्रश्न संख्या 1887 के माध्यम से अमृतसर पश्चिम हलके के श्री छेहरटा साहिब, घनूपुर काले, कोट खालसा और पुतलीघर क्षेत्रों में लगभग 50 वर्ष पुरानी पेयजल पाइपलाइनों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने सरकार का ध्यान इस ओर दिलाया कि इन जर्जर पाइपलाइनों के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और इनके बदलाव के लिए विशेष योजना या पैकेज की आवश्यकता है।

सवाल का जवाब देते हुए स्थानीय निकाय मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि श्री अमृतसर साहिब पंजाब सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा अब तक 2.98 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल की नई पाइपलाइनें बिछाई जा चुकी हैं, जबकि 1.42 करोड़ रुपये की लागत से पुरानी पाइपलाइन के हिस्सों की मरम्मत करवाई गई है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि डॉ. जसबीर सिंह संधू द्वारा जिन क्षेत्रों की आवश्यकता बताई जाएगी, वहां पुरानी पेयजल पाइपलाइनों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाएगा, ताकि लोगों को स्वच्छ और निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू ने कहा कि अमृतसर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र के प्रत्येक आवश्यक विकास कार्य को विधानसभा और सरकार के स्तर पर लगातार उठाते रहेंगे, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें