सरकाघाट: उपमंडल सरकाघाट में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) सरकाघाट के प्रांगण में पूरे हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को उपमंडलाधिकारी (नागरिक) सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक में समारोह के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। एसडीएम ने संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थल की स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, बैठक व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम राजेन्द्र कुमार गौतम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। यह राष्ट्रीय पर्व हम सभी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करता है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समारोह को भव्य, गरिमामय एवं यादगार बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने शिक्षा विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को परेड तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। एसडीएम ने बताया कि समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों, राष्ट्र की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों के परिजनों तथा शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा, संस्कृति एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार सरकाघाट मनीश कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग भूपेंद्र पाल, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग आशीष देव, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी राजकुमार, सीडीपीओ सरकाघाट जगदीश शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी पूनम शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी नागरिक अस्पताल सरकाघाट डॉ. संजीव, अग्निशमन विभाग से जयपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...