हमीरपुर : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा लोकसभा में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि केंद्र सरकार हिमाचल में रेलवे अधोसंरचना के विस्तार और यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि 70 किलोमीटर लंबा नंगल डैम-ऊना-दौलतपुर चौक ब्रॉडगेज रेलखंड पूरी तरह संचालित हो चुका है, जबकि 52 किलोमीटर लंबे करतोली-तलवाड़ा-मुकेरियां ब्रॉडगेज रेलखंड का निर्माण तेजी से जारी है।
परियोजना के तहत बड़े एवं छोटे पुलों, रोड ओवर ब्रिज तथा रोड अंडर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। रेल मंत्री ने बताया कि नंगल डैम-ऊना-दौलतपुर चौक रेल लाइन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बनकर उभरी है। इस रेलखंड से लोगों की आवाजाही आसान हुई है और व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार के अवसरों को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2023-24 में 25.77 लाख यात्रियों ने इस रेलखंड का उपयोग किया था, जो 2024-25 में बढ़कर 30.56 लाख और 2025-26 में 31.87 लाख तक पहुंच गई।
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन अब हिमाचल प्रदेश का प्रमुख रेल हब बन चुका है, जहां से 20 रेल सेवाएं संचालित हो रही हैं। इन सेवाओं के माध्यम से प्रदेश का सीधा संपर्क देश के 13 राज्यों से स्थापित हुआ है। नई दिल्ली, कोलकाता, गांधीनगर, हरिद्वार, हजूर साहिब नांदेड़, चंडीगढ़, अंबाला और सहारनपुर सहित कई प्रमुख शहरों के लिए नियमित रेल सेवाएं उपलब्ध हैं। इस मार्ग पर नई दिल्ली-अंब अंदौरा वंदे भारत एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस, कोलकाता एक्सप्रेस, अंबाला कैंट-कर्तोली एक्सप्रेस तथा सहारनपुर पैसेंजर जैसी ट्रेनें संचालित हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन का आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन पर नया भवन, आकर्षक प्रवेश द्वार, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर पार्किंग, उन्नत प्रकाश व्यवस्था तथा 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज बनाया गया है। इसके साथ ही लिफ्ट और रैंप जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य यात्रियों को सुगम आवागमन सुनिश्चित हुआ है। इसके अलावा ऊना हिमाचल और दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशनों पर भी प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, प्रतीक्षालय और अन्य यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
लोकसभा में मिले उत्तर पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अंब अंदौरा का प्रमुख रेल हब के रूप में विकास और करतोली-तलवाड़ा-मुकेरियां रेल परियोजना का शीघ्र पूरा होना प्रदेश के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होगा, यात्रा समय कम होगा, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित होंगे।