तरनतारन: पंजाब सरकार की ओर से छात्रों में उद्यमिता की भावना बढ़ाने और उन्हें स्वरोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘बिजनेस ब्लास्टर’ योजना के तहत जिले के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में बिजनेस मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में स्कूल ऑफ एमिनेंस तरनतारन में बिजनेस ब्लास्टर फेयर का आयोजन किया गया।
मेले का निरीक्षण जिला शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार छाबड़ा और डिप्टी जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) राजिंदर कौर ने किया। अधिकारियों ने छात्रों की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का दौरा कर उनके बिजनेस आइडिया और मेहनत की सराहना की।
जिला शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार छाबड़ा ने कहा कि इस योजना से छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यवसाय से जुड़ी जरूरी जानकारियां और कौशल सीखने का अवसर मिल रहा है। इससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकेंगे और समाज की आर्थिक प्रगति में योगदान दे पाएंगे।
डिप्टी जिला शिक्षा अधिकारी राजिंदर कौर ने बताया कि बिजनेस ब्लास्टर योजना के तहत पंजाब सरकार की ओर से जिले के छात्रों को 59.51 लाख रुपये की शुरुआती राशि उपलब्ध करवाई गई है। यह राशि सीधे छात्रों के बैंक खातों में भेजी गई, जिसका उपयोग उन्होंने अपने बिजनेस आइडिया को विकसित करने और स्कूलों में आयोजित मेलों में उन्हें प्रदर्शित करने के लिए किया।
उन्होंने बताया कि इससे पहले सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल पंडोरी गोला में 27 से 29 जुलाई तक राज्य स्तरीय बिजनेस ब्लास्टर ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किया गया था। इसमें तरनतारन, अमृतसर और फिरोजपुर जिलों के मास्टर ट्रेनर्स ने भाग लिया था।
इसके अलावा 6 और 7 अगस्त को ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है। इसमें 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को उद्यमिता की शिक्षा देने वाले शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।इस अवसर पर बिजनेस ब्लास्टर की जिला कोऑर्डिनेटर एवं प्रिंसिपल गीतांजलि, मास्टर ट्रेनर हरप्रीत सिंह और स्कूल इंचार्ज प्रिंसिपल गुरसेवक सिंह सहित अन्य अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।