
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रयागराज में होने वाले अपने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार तभी दबाव में आती है, जब लोग एकजुट होकर अपनी आवाज उठाते हैं। राहुल गांधी का यह बयान छात्रों से जुड़े मुद्दों, खासकर पेपर लीक, रुकी हुई भर्तियों और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी विवाद के बीच आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की मेहनत के बावजूद व्यवस्था उन्हें उचित अवसर नहीं दे रही है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि प्रयागराज देश के उन प्रमुख शहरों में से एक है, जहां बड़ी संख्या में युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को लगता है कि सिस्टम में गड़बड़ी है और उनकी मेहनत का सही परिणाम नहीं मिल रहा। उन्होंने पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया में देरी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई न होने का मुद्दा उठाया। राहुल गांधी ने कोटा और देहरादून में छात्रों से जुड़े कार्यक्रमों का भी जिक्र किया और कहा कि जब छात्र अपनी आवाज उठाते हैं तो सरकार को जवाब देना पड़ता है।
प्रयागराज आ रहा हूं – देश के उस शहर में जहां सबसे ज़्यादा नौजवान तैयारी करते हैं।
एक बात साफ़ है: यहां का हर छात्र जानता है कि system बेईमान हो चुका है। आपकी मेहनत में कोई कमी नहीं – कमी उस system की नीयत में है जो आपकी मेहनत का दाम नहीं देती।
पेपर लीक, रुकी भर्तियाँ, सालों का… pic.twitter.com/upgHb0GiM0
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 7, 2026
उन्होंने कहा कि दिल्ली में सवाल उठाने वाले छात्रों पर कार्रवाई की गई, लेकिन बाद में एक मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। राहुल गांधी ने कहा कि वह प्रयागराज में इसी मुद्दे पर छात्रों से बातचीत करेंगे। राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में शाम 5 बजे आयोजित होना है। इसके लिए प्रशासन की अनुमति मिल चुकी है। इससे पहले कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। केपी कॉलेज प्रबंधन ने पहले दी गई अनुमति को रद्द कर दिया था। कॉलेज प्रबंधन ने पढ़ाई प्रभावित होने और इलाहाबाद हाई कोर्ट के एक आदेश का हवाला देते हुए मैदान के इस्तेमाल की अनुमति वापस ली थी।
कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने प्रयागराज सिटी कांग्रेस कमेटी को भेजे पत्र में बताया कि कॉलेज प्रशासन ने छात्रों की शैक्षणिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। प्रबंधन ने आयोजकों से जमा की गई राशि वापस लेने को भी कहा था। अब प्रशासन की मंजूरी के बाद राहुल गांधी का यह कार्यक्रम तय समय पर होने की संभावना है, जिसमें छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...