Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब में सरकारी दफ्तरों का काम ठप, हड़ताल के चलते लोगों को हो रही परेशानी

August 8, 2026

पंजाब में सरकारी दफ्तरों का काम ठप, हड़ताल के चलते लोगों को हो रही परेशानी

पंजाब: पंजाब सरकार के कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब सरकारी कार्यालयों के कामकाज पर साफ दिखाई दे रहा है। पंजाब स्टेट मिनिस्ट्रियल सर्विस यूनियन (PSMSU) के आह्वान पर कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है। इसके चलते डीसी कार्यालयों समेत कई सरकारी विभागों में जरूरी काम भी नहीं हो पा रहे हैं।

हड़ताल के दौरान पहले दो दिनों तक कर्मचारियों ने कंप्यूटर बंद रखे और फाइलों की आवाजाही रोक दी। इसके बाद तीसरे दिन कर्मचारियों ने सामूहिक अवकाश लेकर राजधानी की ओर रुख किया। यूनियन ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन को अनिश्चित समय तक जारी किया जा सकता है।

दफ्तर पहुंचे लोग, लेकिन नहीं हुआ काम

हड़ताल के कारण सरकारी कार्यालयों में आम लोगों से जुड़े काम प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि कर्मचारियों की कार्यालय में मौजूदगी पर पूरी तरह रोक नहीं है, लेकिन कामकाज बंद होने के कारण लोगों को कोई सेवा नहीं मिल पा रही है।

दूर-दराज के इलाकों से डीसी कार्यालय और नगर निगम कार्यालय पहुंच रहे लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ रहा है। अपने काम के लिए पहुंचे अभिषेक कुमार ने बताया कि वह डीसी कार्यालय आए थे, लेकिन कर्मचारियों के काम पर न होने के कारण उनका काम नहीं हो सका। उन्होंने सरकार से जल्द इस विवाद का समाधान करने की मांग की, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।

राजस्व विभाग के काम सबसे ज्यादा प्रभावित

हड़ताल का सीधा असर राजस्व विभाग की सेवाओं पर पड़ा है। जमीन की रजिस्ट्री, अटैचमेंट से जुड़े काम, नॉन-एन्कम्ब्रेंस सर्टिफिकेट के अलावा आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों के सत्यापन जैसे काम प्रभावित हुए हैं।

परिवहन विभाग की सेवाएं भी रुकीं

परिवहन विभाग में कर्मचारियों के काम बंद करने से ड्राइविंग लाइसेंस और वाहनों से जुड़े कई काम अटक गए हैं। नए ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने, वाहन रजिस्ट्रेशन और फिटनेस सर्टिफिकेट से संबंधित प्रक्रिया भी प्रभावित हुई है। यूनियन का कहना है कि सरकार को कर्मचारियों की मांगों पर जल्द बातचीत करके समाधान निकालना चाहिए। वहीं, हड़ताल लंबी खिंचने पर सरकारी सेवाओं से जुड़े लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें