Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली: टहलने निकली बुजुर्ग महिला को मर्सिडीज ने कुचला, हिरासत में ड्राइवर; 3 कारों को भी मारी टक्कर

August 8, 2026

दिल्ली: टहलने निकली बुजुर्ग महिला को मर्सिडीज ने कुचला, हिरासत में ड्राइवर; 3 कारों को भी मारी टक्कर

नई दिल्ली: दिल्ली के नरेला इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने एक 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे के दौरान कार ने सड़क किनारे खड़ी तीन अन्य गाड़ियों को भी टक्कर मारी। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है।

आरोपी की पहचान शुभम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय उसके शराब के नशे में होने का आरोप है। आरोपी का मेडिकल टेस्ट कराया गया है और अब इसकी अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

सुबह टहलने निकली थीं बुजुर्ग महिला

जानकारी के मुताबिक, 77 वर्षीय महिला शनिवार सुबह घर से टहलने के लिए निकली थीं। बताया जा रहा है कि वह पक्षियों को दाना डालने के लिए भी बाहर आई थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार मर्सिडीज ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तीन गाड़ियों को भी मारी टक्कर

बेकाबू मर्सिडीज ने महिला को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खड़ी तीन अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

कार की नंबर प्लेट से भी छेड़छाड़ का आरोप

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि मर्सिडीज की नंबर प्लेट में कथित तौर पर बदलाव किया गया था। बताया जा रहा है कि कार के आगे और पीछे अलग-अलग नंबर दर्ज थे। आरोप है कि चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट पर टेप लगाकर ‘9’ को ‘8’ बनाया गया था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। बताया गया है कि मर्सिडीज अर्जुन सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है, जो नरेला के पॉकेट-6, सेक्टर ए-10 के रहने वाले हैं।

दोस्त से मांगकर लाया था कार

पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय कार शुभम चला रहा था। बताया जा रहा है कि यह मर्सिडीज उसके दोस्त की थी और शुभम ने एक दिन पहले किसी काम से जाने के लिए उससे कार मांगी थी। आरोपी के पिता हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण करा लिया है। अब मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों, कार की रफ्तार, चालक की स्थिति और नंबर प्लेट से कथित छेड़छाड़ समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें