Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

किचलू नगर सड़क धंसने का मामला: निगम कमिश्नर ने दिन-रात मरम्मत कार्यों की निगरानी की

August 9, 2026

किचलू नगर सड़क धंसने का मामला: निगम कमिश्नर ने दिन-रात मरम्मत कार्यों की निगरानी की

लुधियाना: किचलू नगर में सड़क धंसने की घटना के बाद नगर निगम की ओर से मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। आसपास की इमारतों को सुरक्षित रखने और सड़क की मरम्मत जल्द से जल्द पूरी करने के लिए नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार लगातार दिन-रात मौके की निगरानी कर रही हैं।

डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन और नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार शुक्रवार देर रात मौके पर पहुंचे और चल रहे मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। दोनों अधिकारी करीब 3 से 4 घंटे तक मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने स्थिति का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद कमिश्नर अलंकार ने शनिवार दोपहर भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

इस दौरान नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर विनीत कुमार, ज्वाइंट कमिश्नर तपन भनोट, जोनल कमिश्नर जसदेव सेखों, एसई एकजोत सिंह, एसई शाम लाल गुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने कहा कि आसपास की इमारतों की सुरक्षा निगम की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क की मरम्मत का काम जल्द पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

मौके पर अतिरिक्त स्टाफ और मशीनरी भी तैनात की गई है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को दिन-रात लगातार मरम्मत कार्य जारी रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जमीनी स्तर पर स्थिति की नियमित जानकारी भी ली जा रही है, ताकि किसी भी संभावित समस्या पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

📍 Location: Ludhiana

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें