लुधियाना: किचलू नगर की मुख्य सड़क का करीब 50 फीट हिस्सा अचानक धंसने के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। सड़क के और अधिक धंसने के खतरे को देखते हुए नगर निगम ने मरम्मत एवं निर्माण कार्य को 24 घंटे लगातार चलाने का फैसला किया है। इसके लिए पूरे दिन और रात को तीन पालियों में बांटकर वरिष्ठ अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की मौके पर ड्यूटी लगाई गई है।
नगर निगम की ओर से जारी विशेष आदेश के अनुसार पहली पाली सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक और तीसरी पाली रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में संयुक्त आयुक्त, जोनल आयुक्त, एसई, एक्सईएन और नोडल अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। अधिकारियों को मौके पर रहकर निर्माण कार्य की निगरानी और प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
पहली पाली की जिम्मेदारी संयुक्त आयुक्त तपन भनोट, जोनल आयुक्त नीरज जैन, एसई रंजीत सिंह, एक्सईएन संजीव कुमार और नोडल अधिकारी मनप्रीत सिंह को सौंपी गई है। दूसरी पाली में संयुक्त आयुक्त अमनप्रीत सिंह, जोनल आयुक्त गुरपाल सिंह, एसई परवीन सिंगला, एक्सईएन बलविंदर सिंह और नोडल अधिकारी बलविंदर सिंह तैनात रहेंगे।
रात की पाली में संयुक्त आयुक्त विनीत कुमार, जोनल आयुक्त जसदेव सिंह सेखों, एसई शाम लाल गुप्ता, एक्सईएन रमन कौशल और नोडल अधिकारी रणदीप को जिम्मेदारी दी गई है।
नगर निगम ने मौके पर भारी मशीनरी लगातार उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए हैं। इनमें जेसीबी, रोड रोलर, डंपर, पानी के टैंकर और कटर शामिल हैं। रात के समय निर्माण कार्य में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
भूमिगत तारों के लिए खुदाई और जर्जर सीवरेज बनी वजह
जानकारी के अनुसार भूमिगत तार बिछाने के लिए की गई बेतरतीब खुदाई और जर्जर सीवरेज प्रणाली के कारण किचलू नगर की मुख्य सड़क का करीब 50 फीट हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क धंसने की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद उपायुक्त हिमांशु जैन और नगर आयुक्त ओजस्वी अलंकार ने मौके का निरीक्षण किया। डीसी ने प्रशासनिक अधिकारियों को बिना अनुमति या लापरवाही से काम करने वाली निजी कंपनियों के खिलाफ पुलिस मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
वाहनों की आवाजाही रोकी, 10 दिन लग सकते हैं
सड़क की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने मुख्य मार्ग पर सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी है। लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सड़क की मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार सड़क को पूरी तरह से सुरक्षित और यातायात के लिए चालू करने में कम से कम 10 दिन का समय लग सकता है। इस दौरान निगम की टीमें तीनों पालियों में मौके पर मौजूद रहकर काम की निगरानी करेंगी।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि सड़क को जल्द से जल्द सुरक्षित बनाने के साथ-साथ भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए भूमिगत सेवाओं और सीवरेज व्यवस्था की भी जांच की जाएगी।
📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)