Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमृतसर पुलिस की बड़ी कामयाबी, पिस्तौल दिखाकर 10 लाख की रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

August 9, 2026

अमृतसर पुलिस की बड़ी कामयाबी, पिस्तौल दिखाकर 10 लाख की रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

अमृतसर: पुलिस कमिश्नर अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल और ADCP सिटी-2 सिरिवेनेला के निर्देशों पर ACP नॉर्थ गगनदीप सिंह और थाना मजीठा रोड के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार की अगुवाई में पुलिस पार्टी ने SI तरसेम सिंह और उनकी टीम के साथ मिलकर डॉक्टर को पिस्तौल दिखाकर 10 लाख रुपये की मांग करने वाले आरोपी को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार, डॉक्टर के बयानों के आधार पर थाना मजीठा रोड में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त को सुबह करीब 11:30 बजे डॉक्टर अपने क्लिनिक में मौजूद थे। इसी दौरान काला हेलमेट पहने एक व्यक्ति क्लिनिक में दाखिल हुआ और पिस्तौल निकालकर डॉक्टर पर तान दी। आरोपी ने डॉक्टर को धमकाते हुए कहा कि सोमवार तक 10 लाख रुपये तैयार रखें। इसके बाद आरोपी पिस्तौल लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुखबीर सिंह पुत्र हरि सिंह, निवासी भवानी नगर, मजीठा रोड, अमृतसर, उम्र 51 वर्ष को थाना मजीठा रोड के क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

कर्ज के चलते वारदात को दिया अंजाम

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पर काफी कर्ज था और वह आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। इसी के चलते उसने कथित तौर पर डॉक्टर से पैसे मांगने और धमकाने की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मजीठा रोड पर कुलचे की दुकान चलाता था। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया है:

  • 1 पिस्टल .32 बोर

  • 2 जिंदा राउंड .32 बोर

  • 1 एक्टिवा स्कूटर नंबर PB02 EH 1819

  • 1 काला हेलमेट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें