आर्या कॉलेज टीचर्स यूनियन का आंदोलन शुरू
August 10, 2026
College Teachers’ Union agitation begins : लुधियाना। आर्या कॉलेज टीचर्स यूनियन ने लंबित मांगों के समाधान को लेकर 10 अगस्त से चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया है। नियमित प्रिंसिपल की नियुक्ति, CAS के लंबित मामलों और मास्टर टाइम-टेबल में दखल समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर यूनियन ने मैनेजमेंट पर आश्वासन के बावजूद समाधान नहीं करने का आरोप लगाया है।
रेगुलर प्रिंसिपल की नियुक्ति को मुख्य मुद्दा बताते हुए यूनियन ने कहा कि 30 अप्रैल, 2026 को हुई गवर्निंग बॉडी की बैठक में आश्वासन दिया गया था कि प्रिंसिपल की भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी कर ली जाएगी, लेकिन यह प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हुई है। इसके अलावा, यूनियन ने CAS से जुड़े लंबित मामलों पर भी नाराजगी जताई है। पत्र के अनुसार, मैनेजमेंट सेक्रेटरी गौरव सरीन और सुनील कुमार के साथ 15 जुलाई को हुई बैठक में एक सप्ताह के भीतर मामलों को सुलझाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन CAS के मामले अभी तक क्लियर नहीं हुए हैं।
यूनियन ने मास्टर टाइम-टेबल और ऑफिस के दखल का मुद्दा भी उठाया है। पत्र के अनुसार, प्रेसिडेंट के निर्देश पर डॉ. सविता उप्पल ने नियमों के अनुसार मास्टर टाइम-टेबल तैयार किया था, लेकिन कॉलेज ने इसे अभी तक जारी नहीं किया है। यूनियन का आरोप है कि ऑफिस टाइम-टेबल में बदलाव कर रहा है और शिक्षकों से उसी के अनुसार क्लास लेने को कहा जा रहा है। इन मुद्दों के विरोध में यूनियन ने 10 अगस्त से कई विरोध कार्यक्रम करने की घोषणा की है। इसके तहत प्रिंसिपल से बातचीत न करने और पंजाब यूनिवर्सिटी से जुड़े कुछ आधिकारिक आदेशों का पालन न करने, कॉलेज कैंपस में लंबित मांगों को लेकर पोस्टर और बैनर लगाने और एडमिशन व टीचिंग के अलावा कोई अन्य काम न करने का फैसला किया गया है। यूनियन ने मीडिया के जरिए भी अपनी बात सामने लाने की घोषणा की है। इसके अलावा, हर दिन दो पीरियड के लिए धरना/विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।