
नाहन : जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ की ग्राम पंचायत दीदग में तीन मंजिला रिहायशी मकान अचानक धराशायी हो गया। हादसे में मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चियां घायल हुई हैं। मृतकों की पहचान निर्मला (60) पत्नी भीम सिंह और पूजा (32) पत्नी अमित राणा निवासी भवाई के रूप में हुई है। जबकि पूजा की डेढ़ वर्षीय बेटी ईरा और अरुण की डेढ़ वर्षीय बेटी अभियाना घायल हुई हैं।
दोनों बच्चियों का नागरिक अस्पताल राजगढ़ में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार हादसा छिछड़ियां गांव में बुधवार को साफ मौसम के बीच हुआ, जहां भीम सिंह का मकान अचानक ढह गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद चारों को मलबे से बाहर निकाला।
इसके बाद सभी को 108 एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक अस्पताल राजगढ़ ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही दो महिलाओं की मौत हो गई। पंचायत प्रधान वेद प्रकाश ठाकुर ने बताया कि पूजा अपने मायके मेहमानी में आई थी, जो गर्भवती भी थीं। उसे बुधवार को ही अपने ससुराल लौटना था कि इस बीच हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि हादसे के दौरान भीम सिंह की पुत्रवधू भी मकान में थी।
इसी बीच वह घर से बाहर निकली कि पीछे मकान ढह गया, जिसमें उनकी डेढ़ साल की बच्ची भी चपेट में आ गई। उधर, एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने बताया कि हादसे के समय मकान में दो महिलाएं और दो छोटी बच्चियां मौजूद थीं। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दोनों मृतकों के नागरिक अस्पताल राजगढ़ में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।