Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

सिरमौर में एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर खाई में गिरी , 4 की मौत

August 13, 2026

सिरमौर में एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर खाई में गिरी , 4 की मौत

नाहन : जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह में एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे जा गिरी। इस हादसे में वाहन में सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक समेत 9 लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रैफर किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 12:45 बजे गतलोग के समीप हुआ।

सुनिल शर्मा पुत्र राम स्वरूप निवासी गांव चिनाड डाकघर भूजौंड तहसील नौहराधार ने पुलिस को बताया कि 11 अगस्त को वह अपने ताऊ जगदीश शर्मा को लेकर संगड़ाह अस्पताल आया था। जगदीश शर्मा को दिल का दौरा पड़ा था और अस्पताल में चिकित्सा अधिकारी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सुनिल शर्मा और उनके साथ आए लोगों ने जगदीश शर्मा के शव को गांव अरलू ले जाने के लिए बोलेरो कैंपर किराये पर ली।

वाहन को कपिल देव पुत्र वीरेंद्र निवासी गांव डूंगी डाकघर लाना पालर तहसील संगड़ाह चला रहा था। पुलिस के अनुसार, जब वाहन गांव चिनाड के पास पहुंचा तो अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार और गांव के कुछ अन्य लोग भी वाहन में सवार हो गए। इसके बाद वाहन गतलोग की ओर जा रहा था। गतलोग के पास पहुंचने पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। जिसके बाद बोलेरो कैंपर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे जा गिरी जा गिरी।

हादसे में राजेन्द्र (37) पुत्र नूपा राम निवासी गांव अरलू डाकघर भूजौंड तहसील नौहराधार, देस राज (23) पुत्र प्रेम सिंह निवासी गांव अरलू डाकघर भूजौंड, रिखी राम (58) पुत्र जागर सिंह निवासी गांव चिनाड डाकघर भूजौंड तहसील नौहराधार, राम गोपाल (62) पुत्र गंगा राम निवासी गांव चिनाड डाकघर भूजौंड तहसील नौहराधार की मौत हो गई। वहीं, बृज मोहन (62) पुत्र कंठी राम निवासी चिनाड, कृपा राम (61) पुत्र गंगा राम निवासी चिनाड, देवेन्द्र सिंह (44) पुत्र हेम चंद निवासी चिनाड, सुनिल शर्मा (21) पुत्र राम स्वरूप निवासी चिनाड, राम स्वरूप (44) पुत्र दलीप सिंह निवासी अरलू, जय प्रकाश (45) पुत्र दया राम निवासी चिनाड, संदीप (21) पुत्र कमल निवासी अरलू,कमलेन्द्र (48) पुत्र रामानन्द निवासी चिनाड, कपिल देव (39) पुत्र वीरेंद्र, निवासी डूंगी, डाकघर लाना पालर, तहसील संगड़ाह (वाहन चालक) घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार घायलों में कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और वाहन चालक कपिल देव को गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सा अधिकारी ने उन्हें अग्रिम उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रैफर किया है, जबकि अन्य घायल संगड़ाह अस्पताल में उपचाराधीन हैं। हादसे की पुष्टि एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें