मोगा: जिले के गांव जलालाबाद पूर्वी में पुरानी रंजिश के चलते दो लोगों से मारपीट कर उन्हें घायल करने का मामला सामने आया है। थाना धर्मकोट पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार नामजद समेत 7-8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना धर्मकोट के सहायक थानेदार कुलदीप सिंह ने बताया कि रघुवीर सिंह निवासी जलालाबाद पूर्वी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि बोबी पुत्र लक्खी, जस्सा पुत्र बलदेव सिंह, रमनी उर्फ चिड़ी पुत्र सतनाम सिंह, प्रभदीप सिंह पुत्र बलदेव सिंह तथा तीन-चार अज्ञात व्यक्ति दलजीत सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह के साथ मारपीट कर रहे थे।
रघुवीर सिंह ने बताया कि वह और निर्मल सिंह पुत्र बलविंदर सिंह, दलजीत सिंह को छुड़ाने के लिए पहुंचे। इस दौरान आरोपितों ने उन्हें भी घेर लिया और उनके साथ मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा ले जाया गया, जहां से उनकी हालत को देखते हुए उन्हें गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदकोट रेफर कर दिया गया।
जांच अधिकारी सहायक थानेदार कुलदीप सिंह ने बताया कि रघुवीर सिंह के बयानों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी गई है।
📍 Location: धर्मकोट
मेष: दिन शुभ रहेगा...