Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

पेट्रोल पंप के सामने पराली से भरे ट्राले को लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

August 13, 2026

पेट्रोल पंप के सामने पराली से भरे ट्राले को लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

मोगा: मोगा-फिरोजपुर रोड पर जोगेवाला से आगे एक पेट्रोल पंप के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पराली की गांठों से भरे ट्राले में अचानक आग लग गई। ट्राला सड़क से गुजर रहा था और आग की लपटें उठती देखकर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर को ट्राले से अलग कर दिया।

इससे आग के ट्रैक्टर तक पहुंचने और बड़ा हादसा होने से बच गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फायरमैन जगतार सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मोगा-फिरोजपुर रोड पर जोगेवाला से आगे पेट्रोल पंप के सामने पराली की गांठों से भरे ट्राले में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही चार फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। उस समय ट्राला पेट्रोल पंप के बिल्कुल सामने मुख्य हाईवे पर खड़ा था। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने आग लगने की सूचना दी थी।

चालक ने ट्राले को सड़क के किनारे करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान आग ने तेजी पकड़ ली।पुलिस अधिकारी के अनुसार, ट्राले में पराली की गांठें लदी थीं और रास्ते में चालक को ट्राले से धुआं निकलता दिखाई दिया। चालक ने तुरंत ट्राले को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया और ट्रैक्टर को अलग कर लिया।

कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पराली की गांठें इसकी चपेट में आ गईं। आग से ट्राले और पराली को काफी नुकसान हुआ, लेकिन चालक की समय पर दिखाई गई समझदारी के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया।

ट्राला चालक कमल शर्मा ने बताया कि वह पराली की गांठें लेकर फतेहगढ़ साहिब जिले की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक ट्राले में आग लग गई। आग का पता चलते ही उन्होंने तुरंत ट्रैक्टर को ट्राले से अलग कर दिया और सड़क का रास्ता भी खुलवाया। आग लगने से हुए कुल नुकसान का अभी आकलन नहीं हो पाया है। आग लगने के वास्तविक कारणों का भी अभी पता नहीं चल सका है।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें