Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना में चोरों का आतंक, दीवार तोड़कर दुकान में घुसे, डेढ़ लाख की नकदी उड़ाई

August 13, 2026

लुधियाना में चोरों का आतंक, दीवार तोड़कर दुकान में घुसे, डेढ़ लाख की नकदी उड़ाई

लुधियाना। महानगर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी कड़ी में गत रात कमला नेहरू मार्केट स्थित एक दुकान की पिछली दीवार तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए और गल्ले में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना का पता उस समय चला, जब दुकान मालिक सुबह दुकान खोलने पहुंचा। पीड़ित ने मामले की सूचना थाना कोतवाली पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

दुकान मालिक संजीव जैन ने बताया कि कमला नेहरू मार्केट में उनकी एम.आर. जैन मोटर्स नामक दुकान है, जहां मोटर और कंबाइन पार्ट्स का कारोबार किया जाता है। गत रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे और शटर के ताले खोलकर अंदर दाखिल हुए तो सामान बिखरा पड़ा था। गल्ला टूटा हुआ था और कई छोटी अलमारियां खुली हुई थीं।

उन्होंने बताया कि जब वह दुकान के बाथरूम की तरफ गए तो वहां दीवार में काफी बड़ा छेद दिखाई दिया। चोरों ने पिछली दीवार में सेंध लगाकर दुकान में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर गल्ले में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। इसके अलावा दुकान में पड़े सिक्के, मंदिर में रखी मूर्ति और अन्य सामान भी चोर अपने साथ ले गए।

जांच अधिकारी भूपिंदर सिंह ने बताया कि संजीव जैन की दुकान का अगला हिस्सा कमला नेहरू मार्केट की तरफ खुलता है, जबकि दुकान के पीछे रेलवे लाइनें हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने दुकान की पिछली दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें