Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना: किचलू नगर में सड़क धंसने पर सख्त कार्रवाई की सिफारिश, दोषी केबल कंपनी पर FIR की मांग

August 13, 2026

लुधियाना: किचलू नगर में सड़क धंसने पर सख्त कार्रवाई की सिफारिश, दोषी केबल कंपनी पर FIR की मांग

लुधियाना: डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर के नेतृत्व में नगर निगम, लुधियाना की संचालन एवं रखरखाव (ओएंडएम) प्रकोष्ठ समिति ने किचलू नगर में खाई में धंसी सड़क का मौके पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समिति ने सड़क दुर्घटना के लिए जिम्मेदार केबल कंपनी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और दोषी पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज करने की सिफारिश की।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त विशेष सारंगल, सुखबीर सिंह, सहायक आयुक्त हरदीप सिंह, उप निदेशक डीबीईई जसवंत राय, डीपीओ गुरमिंदर रंधावा सहित अन्य अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

समिति के सदस्यों ने बताया कि उनके संज्ञान में आया है कि हाल ही में सड़क धंसने की घटना का कारण एक केबल कंपनी एवं संबंधित एजेंसी द्वारा भूमिगत केबल बिछाने के दौरान की गई खुदाई हो सकती है। समिति ने मामले की निष्पक्ष एवं उचित जांच करवाने की सिफारिश की है। जांच में यदि केबल कंपनी या संबंधित एजेंसी दोषी पाई जाती है, तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर और समिति के सदस्यों ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। दोषी कंपनी को नगर निगम को हुए नुकसान का मुआवजा देने के साथ-साथ सड़क की मरम्मत पर आने वाली पूरी लागत का भुगतान करने के लिए भी जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बेहतर और सुरक्षित बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना नगर निगम की प्राथमिकता है। लापरवाही बरतने वाली कंपनियों एवं एजेंसियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें