Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

बंजार में भाजपा का विशाल धरना-प्रदर्शन, विधायक सुरेंद्र शौरी ने सरकार पर साधा निशाना

August 14, 2026

बंजार में भाजपा का विशाल धरना-प्रदर्शन, विधायक सुरेंद्र शौरी ने सरकार पर साधा निशाना

बंजार: बंजार विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के ठप पड़ने, सड़कों एवं बस सेवाओं की बदहाल स्थिति, आपदा प्रभावितों को मुआवजा न मिलने तथा NH-305 के कार्य में हो रही देरी को लेकर शुक्रवार को भाजपा के बैनर तले विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। बंजार विधानसभा के विधायक सुरेंद्र शौरी की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम जनता और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।  

प्रदर्शन की शुरुआत बंजार के अंबेडकर भवन से हुई। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग रैली के रूप में बंजार शहर से होते हुए विभिन्न स्थानों पर पहुंचे। रैली के दौरान प्रदेश सरकार और संबंधित विभागों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई तथा बंजार विधानसभा क्षेत्र में लंबित पड़े विकास कार्यों को शीघ्र शुरू करवाने की मांग उठाई गई।

इस आंदोलन में बंजार ब्लॉक समिति अध्यक्षा लता पलसरा, उपाध्यक्ष पवन ठाकुर, बंजार नगर परिषद अध्यक्षा, जिला परिषद सदस्य कुसुम लता सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य मौजूद रहे। इसके साथ ही बंजार मंडल के चारों अध्यक्ष एवं महामंत्री भी आंदोलन में शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों की बड़ी मौजूदगी से प्रदर्शन को व्यापक समर्थन मिला।

तैयार टैक्सी पार्किंग जनता को समर्पित न करने पर सवाल

रैली सबसे पहले बंजार में तैयार की गई टैक्सी पार्किंग स्थल पर पहुंची। यहां विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि पार्किंग का निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद इसे अभी तक जनता को समर्पित नहीं किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पार्किंग तैयार पड़ी है तो प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग इसे जनता के उपयोग के लिए खोलने में देरी क्यों कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बंजार शहर में पार्किंग की गंभीर समस्या है और तैयार सुविधा को जनता के लिए उपलब्ध न करवाना सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

निर्माणाधीन अस्पताल का काम बंद, ठेकेदार पर उठे सवाल

इसके बाद प्रदर्शनकारी बंजार में निर्माणाधीन अस्पताल परिसर पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल का निर्माण कार्य लंबे समय से बेहद धीमी गति से चल रहा है और वर्तमान में काम बंद पड़ा है। विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि अस्पताल का निर्माण पिछले करीब तीन वर्षों से कछुआ चाल से भी आगे नहीं बढ़ पा रहा है। उन्होंने कहा कि बंजार की जनता बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का इंतजार कर रही है, लेकिन सरकार इस महत्वपूर्ण परियोजना को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है।

पुराना बस स्टैंड में विशाल जनसभा

इसके बाद आंदोलनकारी पुराना बस स्टैंड में एकत्रित हुए, जहां विधायक सुरेंद्र शौरी ने करीब 40 मिनट तक जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने बंजार विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को एक-एक कर उठाया और प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। विधायक ने बंजार विधानसभा क्षेत्र के 24 से अधिक रूटों पर बंद पड़ी बस सेवाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बस सेवाएं प्रभावित होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आपदा प्रभावितों को मुआवजा न मिलने का मुद्दा

विधायक ने कहा कि आपदा के कारण प्रभावित हुए कई परिवारों को अभी तक मुआवजा नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित लोगों को समय पर राहत और सरकारी सहायता उपलब्ध करवाने में सरकार विफल रही है। उन्होंने सड़कों की खराब स्थिति और आपदा के बाद सड़कों को खोलने में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें लोगों के लिए जीवनरेखा हैं और इनके बंद रहने से आम जनता के साथ-साथ पर्यटन एवं स्थानीय कारोबार भी प्रभावित होता है।

NH-305 के कार्य को लेकर सरकार पर हमला

विधायक सुरेंद्र शौरी ने NH-305 के कार्य को लेकर भी प्रदेश सरकार और संबंधित विभागों को घेरा। उन्होंने कहा कि NH-305 का कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है और बंजार से लारजी तक पैचवर्क का काम भी बंद पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि तरगाली के पास ठेकेदार की मशीनरी खड़ी है और ठेकेदार मौके से चला गया है, लेकिन संबंधित विभाग और सरकार इस मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। विधायक ने कहा कि NH-305 बंजार विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क है और इसकी खराब स्थिति का सीधा असर स्थानीय जनता, परिवहन, पर्यटन और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सड़क के कार्य को तत्काल गति दी जाए।

कांग्रेस नेताओं पर भी साधा निशाना

अपने संबोधन में विधायक ने बंजार के कांग्रेस नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए तरह-तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बीपीएल परिवारों से जुड़े मामलों को लेकर भी कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाए और कहा कि जनता को गुमराह करने के बजाय वास्तविक विकास कार्यों पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार से मिलने वाले धन और केंद्र की योजनाओं का श्रेय प्रदेश सरकार स्वयं लेने का प्रयास कर रही है।

SDM कार्यालय का घेराव

जनसभा के बाद आंदोलनकारी SDM कार्यालय पहुंचे और विभिन्न मांगों को लेकर कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने लंबित विकास कार्यों को जल्द पूरा करवाने की मांग उठाई। इस दौरान विधायक सुरेंद्र शौरी ने SDM से कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को लेकर सभी संबंधित विभागों की जल्द बैठक बुलाई जाए और प्रत्येक विभाग से उसके अधीन चल रहे कार्यों की स्थिति की समीक्षा की जाए।

उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने की मांग की कि जनता से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने प्रदेश सरकार तथा संबंधित विभागों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलनकारियों ने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र की सड़क, स्वास्थ्य, परिवहन, आपदा राहत और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर सरकार को अब गंभीरता से कदम उठाने होंगे।

विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि बंजार की जनता विकास चाहती है और जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर भाजपा जनता के साथ खड़ी है और यदि लंबित कार्यों को जल्द गति नहीं दी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

📍 Location: बंजार, कुल्लू जिला (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें