आईटीआई अमृतसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह, मेधावी विद्यार्थी सम्मानित
August 15, 2026
Meritorious students felicitated at ITI : अमृतसर। सरकारी आईटीआई अमृतसर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समारोह आयोजित कर तिरंगा फहराया गया और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया। इस दौरान विभिन्न ट्रेडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स और स्वच्छता में योगदान देने वाले स्टाफ सदस्यों को सम्मानित किया गया।
एनसीसी कैडेट्स व स्टाफ का सम्मान
सरकार की ओर से अनुसूचित जाति (एस.सी.) वर्ग से संबंधित विद्यार्थियों के लिए भेजी गई टूल किट वितरित की गईं। मुख्य अतिथियों द्वारा विभिन्न ट्रेडों में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, होनहार विद्यार्थियों तथा एन.सी.सी. कैडेट्स को सम्मानित किया गया। इसके अलावा संस्थान में स्वच्छता एवं साफ-सुथरा वातावरण बनाए रखने में विशेष योगदान देने वाले स्टाफ सदस्यों श्री प्रदीप कुमार, श्रीमती बेबी, श्री मनजीत सिंह, श्री सतनाम तथा श्री मनीष कपूर को भी सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपने हुनर को निखारने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि आई.टी.आई. संस्थान युवाओं को रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा एवं कौशल प्रदान करके उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों एवं स्टाफ में मेहनत, अनुशासन, स्वच्छता तथा उत्कृष्ट कार्यप्रदर्शन के लिए और अधिक उत्साह एवं प्रेरणा पैदा करने का माध्यम बना।