खन्ना: गोवा की आजादी के महान नायक शहीद करनैल सिंह की याद में खन्ना के गांव ईसड़ू में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को लेकर खन्ना पुलिस की ओर से किए गए सुरक्षा प्रबंध पूरी तरह चौकस और प्रभावी रहे। एसएसपी खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया की अगुवाई में पुलिस ने समारोह स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया, जिसके तहत नाकाबंदी, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, चेकिंग तथा तकनीकी साधनों का प्रभावी इस्तेमाल किया गया।
इस बार ईसड़ू में सुरक्षा व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था के दौरान पहली बार फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम (एफआईआर) का इस्तेमाल किया गया। खन्ना पुलिस द्वारा विकसित इस तकनीक के जरिए सीसीटीवी फुटेज और लाइव कैमरा फीड के माध्यम से संदिग्ध एवं वांछित अपराधियों की पहचान करने की व्यवस्था की गई।
पुलिस के अनुसार एफआरएस में किसी वांछित व्यक्ति की तस्वीर और संबंधित जानकारी अपलोड करने के बाद सिस्टम उसके चेहरे की एक विशिष्ट 512-D फेस एंबेडिंग तैयार करता है। इसके बाद सीसीटीवी और लाइव कैमरा फीड में दिखाई देने वाले चेहरों को लगातार स्कैन किया जाता है। किसी वांछित व्यक्ति से संभावित मैच मिलने पर सिस्टम तुरंत अलर्ट जारी करता है, जिसमें संबंधित व्यक्ति का नाम, मैच प्रतिशत, लोकेशन तथा तारीख और समय जैसी जानकारी सामने आती है। प्रत्येक डिटेक्शन का रिकॉर्ड डैशबोर्ड पर स्वतः दर्ज होता है, जिससे पुलिस अधिकारी उसकी जांच और सत्यापन कर सकते हैं।
एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया की कार्यशैली के तहत खन्ना पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक के इस अभिनव इस्तेमाल को पुलिसिंग को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। समारोह के दौरान पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था इस तरह सुनिश्चित की गई कि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।
राज्य स्तरीय समारोह में पहुंचे पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध ने भी खन्ना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों द्वारा किए गए पुख्ता बंदोबस्त की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतने बड़े आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से करवाने के लिए पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
ईसड़ू जैसे ऐतिहासिक गांव में राज्य स्तरीय समारोह के दौरान खन्ना पुलिस द्वारा पारंपरिक सुरक्षा इंतजामों के साथ आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल यह दर्शाता है कि जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार नई तकनीकों को अपनाने पर जोर दे रहा है और सफल हो रहा है।
📍 Location: लुधियाना (लुधियाना/ खन्ना)
मेष: दिन शुभ रहेगा...