Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

गांव-गांव पहुंच रही श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री, लोगों को दे रही समानता का संदेश

August 21, 2026

गांव-गांव पहुंच रही श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री, लोगों को दे रही समानता का संदेश

अमृतसर: श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की कड़ी में अमृतसर जिले के गांवों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत डॉक्यूमेंट्री वैन के जरिए श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, विचारों और शिक्षाओं पर आधारित फिल्म ग्रामीण क्षेत्रों में दिखाई जा रही है।

बीती शाम डॉक्यूमेंट्री वैन ने जंडियाला गुरु, मजीठा और बाबा बकाला साहिब विधानसभा क्षेत्रों के कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान जंडियाला गुरु के भट्टीके और बुट्टर खुर्द, बाबा बकाला साहिब क्षेत्र के बंडाला खुर्द, बंडाला कलां और सिंहपुरा तथा मजीठा विधानसभा क्षेत्र के डड्डियां, कलेर मांगट और दादूपुरा में ग्रामीणों ने डॉक्यूमेंट्री देखी।

गुरु रविदास जी की शिक्षाओं से कराया परिचित

डॉक्यूमेंट्री में श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन और उनके सामाजिक योगदान को सरल एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया। इसमें समानता, मानवता, प्रभु भक्ति, मेहनत, सेवा और सर्व-सांझीवालता जैसे मूल्यों पर विशेष जोर दिया गया।

फिल्म देखने पहुंचे लोगों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को महान संतों और गुरुओं के जीवन तथा उनके विचारों से जोड़ने का अवसर मिलता है। ग्रामीणों ने विशेष रूप से युवाओं के बीच गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं को पहुंचाने के इस प्रयास को उपयोगी बताया।

सामाजिक सद्भाव को मिलेगा बढ़ावा

ग्रामीणों का कहना था कि समाज में भाईचारे, आपसी सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करने में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने पंजाब सरकार की ओर से शुरू किए गए इस अभियान की सराहना की।

डिप्टी कमिश्नर अमृतसर दलविंदरजीत सिंह, आईएएस ने कहा कि अभियान का उद्देश्य श्री गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समानता, मानवता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव जैसे मूल्यों को मजबूत करने के लिए जिले के गांवों में डॉक्यूमेंट्री वैन के माध्यम से फिल्म का प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें