Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘मुझे चाइनीज मत बोलो, मैं इंडियन हूं’, अरुणाचल की मासूम बच्ची का वीडियो हुआ वायरल

August 22, 2026

‘मुझे चाइनीज मत बोलो, मैं इंडियन हूं’, अरुणाचल की मासूम बच्ची का वीडियो हुआ वायरल

ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर की रहने वाली छोटी बच्ची करगा टिंकल गोंगो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। टिंकल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह लोगों से उसे ‘चाइनीज’ न कहने की अपील करती नजर आ रही है। बच्ची की मासूम और भावुक बातों ने देशभर के लोगों का ध्यान खींचा है।

टिंकल ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि एक व्यक्ति ने उसे ‘चाइनीज’ कहा था। इस पर उसने जवाब दिया, “मुझे चाइनीज मत बोलो, मुझे इंडियन बोलो।” बच्ची ने कहा कि इस तरह बुलाए जाने से उसका मन दुखी होता है।

आइसक्रीम खरीदने के दौरान बना था वीडियो

टिंकल की मां ने बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनकी बेटी का वीडियो इतना वायरल हो जाएगा। उन्होंने बताया कि उस दिन वह टिंकल के लिए आइसक्रीम खरीदते समय उसका वीडियो बना रही थीं। मां के मुताबिक, टिंकल ने आइसक्रीम खरीदने के लिए 10 रुपये मांगे। उन्होंने उसे पैसे दिए और आइसक्रीम खरीदते हुए उसका वीडियो बना लिया। बाद में उन्होंने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो पर एक व्यक्ति ने कमेंट किया कि यह ‘चाइनीज बच्ची’ हिंदी क्यों बोल रही है। इस टिप्पणी के बाद टिंकल को काफी बुरा लगा।

कमेंट पढ़कर उदास हो गई टिंकल

टिंकल की मां ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी को बताया कि किसी ने उसे ‘चाइनीज बच्ची’ कहा है। यह सुनकर टिंकल उदास हो गई और उसने कहा, “हम चाइनीज नहीं हैं, हम इंडियन हैं।” इसके बाद टिंकल ने खुद अपनी मां से कहा कि वह भी एक वीडियो बनाएगी। फिर उसने कैमरे के सामने अपनी बात रखी और कहा, “मुझे चाइनीज मत बोलो, हम इंडियन ही हैं। चाइनीज बोलने से मेरा मन दुखी होता है।” टिंकल की मां ने कहा कि उनका परिवार अरुणाचल प्रदेश में रहता है और अरुणाचल प्रदेश भारत का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के लोगों को उनकी शक्ल-सूरत के आधार पर किसी दूसरे देश से जोड़ना ठीक नहीं है।

 

सोशल मीडिया पर लाखों लोगों ने देखा वीडियो

ईटानगर की टिंकल का यह वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हुआ है और इसे लाखों बार देखा जा चुका है। बच्ची की सीधी और मासूम बातों ने कई लोगों का दिल जीत लिया है। टिंकल का वीडियो केवल एक बच्ची की भावनाओं को सामने नहीं लाता, बल्कि पूर्वोत्तर भारत के उन लोगों की परेशानी को भी उजागर करता है, जिन्हें कई बार उनकी शक्ल-सूरत के कारण गलत पहचान या आपत्तिजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है। टिंकल का संदेश बेहद सरल है- किसी व्यक्ति की शक्ल देखकर उसकी राष्ट्रीयता तय नहीं की जानी चाहिए और हर भारतीय की पहचान का सम्मान किया जाना चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें