
निहाल सिंह वाला/मोगा: जिले के कस्बा निहाल सिंह वाला के अधीन पड़ते गांव नंगल के रहने वाले 44 वर्षीय रणवीर सिंह की इटली में हुए सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा 21 अगस्त की रात इटली के कास्टीजियोना शहर में हुआ। रणवीर सिंह पिछले करीब 26 वर्षों से इटली में रहकर एक जुराबें बनाने वाली फैक्टरी में काम कर रहा था। उसकी मौत की खबर गांव नंगल सहित पूरे निहाल सिंह वाला क्षेत्र में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार रणवीर सिंह 21 अगस्त को अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बाजार में उनके लिए किताबें खरीदने गया था। खरीदारी करने के बाद जब वह अपनी कार के पास पहुंचा और कार का दरवाजा खोलने लगा, तभी दूसरी तरफ से आ रही तेज रफ्तार जीप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रणवीर कई फीट दूर जा गिरा। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
26 वर्षों से इटली में कर रहा था मेहनत
परिवार के अनुसार रणवीर सिंह करीब 26 वर्षों से इटली के कास्टीजियोना शहर में रह रहा था और वहां जुराबें बनाने वाली फैक्टरी में काम करता था। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी रणवीर को जानने वाले लोग इस घटना से बेहद दुखी हैं।तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया रणवीर सिंह अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गया है। उसके परिवार में 19 वर्षीय बेटी, 12 वर्षीय बेटी और 8 वर्षीय बेटा है। तीनों बच्चे इटली में ही पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार के अनुसार रणवीर की बड़ी बेटी पायलट बनने के लिए कोर्स कर रही है। पिता की अचानक मौत से बच्चों के भविष्य को लेकर भी परिवार चिंतित है।
करीब एक महीने पहले ही भारत से लौटे थे परिजन
रणवीर के परिवार ने बताया कि वे करीब एक महीने पहले ही इटली से भारत लौटे थे। 20 अगस्त को भी परिवार की रणवीर सिंह के साथ फोन पर बातचीत हुई थी। किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि अगले ही दिन परिवार को उसकी मौत की दुखद खबर सुननी पड़ेगी। परिवार के मुताबिक रणवीर बच्चों के लिए किताबें खरीदने निकला था, लेकिन हादसे ने पूरे परिवार की जिंदगी बदल दी।
परिजनों ने सरकार से लगाई मदद की गुहार रणवीर सिंह के परिवार ने भारत सरकार और पंजाब सरकार से मांग की है कि उसके शव को जल्द से जल्द भारत लाने की प्रक्रिया में मदद की जाए, ताकि परिवार गांव में उसके अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कर सके। परिजनों ने यह भी मांग की है कि उन्हें इटली जाने के लिए वीजा दिलाने में सहायता की जाए, ताकि वहां रह रहे रणवीर के नाबालिग बच्चों की देखभाल की जा सके।परिवार का कहना है कि रणवीर की मौत के बाद उसके बच्चों के सामने भी मुश्किल हालात पैदा हो गए हैं। ऐसे में परिवार के सदस्यों का इटली पहुंचना जरूरी है, ताकि बच्चों को भावनात्मक और पारिवारिक सहारा दिया जा सके।
गांव नंगल में शोक की लहर
रणवीर सिंह की मौत की खबर मिलने के बाद गांव नंगल में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। परिजनों का कहना है कि रणवीर करीब ढाई दशक से विदेश में मेहनत कर परिवार की बेहतर जिंदगी के लिए प्रयास कर रहा था, लेकिन सड़क हादसे ने उसे परिवार से हमेशा के लिए छीन लिया।
📍 Location: निहाल सिंह वाला