Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल के स्कूलों में INSPIRE-MANAK योजना के लिए ऑनलाइन नामांकन शुरू, 15 सितंबर अंतिम तिथि

August 24, 2026

हिमाचल के स्कूलों में INSPIRE-MANAK योजना के लिए ऑनलाइन नामांकन शुरू, 15 सितंबर अंतिम तिथि

शिमलाः हिमाचल प्रदेश में विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक सोच एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इंस्पायर-मानक (INSPIRE-MANAK) योजना के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ऑनलाइन नामांकन की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है।

इंस्पायर-मानक योजना का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों के मौलिक एवं नवाचारी विचारों को प्रोत्साहित करना तथा उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित करना है। योजना के तहत मान्यता प्राप्त विद्यालय वित्तीय वर्ष के दौरान विद्यार्थियों के अधिकतम पांच मौलिक एवं नवाचारी विचारों का नामांकन कर सकते हैं।

विद्यालयों द्वारा नामांकन INSPIRE-MANAK (E-MIAS) वेब पोर्टल तथा INSPIRE-MANAK मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जा सकता है। एक विद्यालय से अधिकतम पांच नामांकन किए जा सकते हैं। इनमें कक्षा 11वीं अथवा 12वीं के विज्ञान संकाय से अधिकतम दो विद्यार्थियों के विचारों का नामांकन किया जा सकता है।

शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी एवं निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों एवं विद्यालय प्रमुखों से आग्रह किया है कि वे योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें तथा निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण नामांकन करवाना सुनिश्चित करें।

विभाग द्वारा जिला स्तर पर नामांकन की स्थिति की नियमित निगरानी करने तथा विशेष रूप से अब तक योजना में भाग नहीं लेने वाले विद्यालयों को सक्रिय रूप से इसमें शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे प्रदेश के विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक सोच एवं रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें