Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली-NCR में बारिश का कहर, गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन क्लास की एडवाइजरी

August 24, 2026

दिल्ली-NCR में बारिश का कहर, गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन क्लास की एडवाइजरी

नई दिल्ली। सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में हुई भारी बारिश के कारण जगह-जगह जलजमाव हो गया, ट्रैफिक जाम लग गया और उड़ानें प्रभावित हुईं। वहीं, गुरुग्राम प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर ऑफिसों से कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ (घर से काम) की सुविधा देने और स्कूलों से ऑनलाइन क्लास चलाने को कहा है।

दिल्ली के तुगलकाबाद में भारी बारिश के कारण दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के एक पार्क में करीब दो फीट पानी भर गया, जबकि आसपास की सड़कें भी जलमग्न हो गईं। भारी बारिश के बाद दिल्ली के नजफगढ़ में भी भारी जलजमाव देखा गया। एनडीएमसी इलाके में बाबा खड़क सिंह मार्ग पर भी भारी बारिश के कारण काफी जलजमाव हो गया। शिवाजी स्टेडियम के आसपास की सड़कें पानी में डूब गईं और ट्रैफिक की आवाजाही प्रभावित हुई। दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में हुई भारी बारिश के दौरान जखिरा अंडरपास पर भी ऐसे ही हालात देखने को मिले।

इस बीच, भारी बारिश से शहर के सिविक इंफ्रास्ट्रक्चर (नागरिक सुविधाओं के ढांचे) के एक बार फिर चरमरा जाने के बाद, गुरुग्राम प्रशासन ने ऑफिसों से कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने और स्कूलों से ऑनलाइन मोड में क्लास चलाने को कहा है। हालांकि बारिश सिर्फ एक घंटे के आसपास हुई, लेकिन ‘मिलेनियम सिटी’ के निवासियों ने शिकायत की कि जब भी शहर में लंबे समय तक बारिश होती है, तो सिविक इंफ्रास्ट्रक्चर (नागरिक सुविधाएं) फेल हो जाता है।

जिला प्रशासन ने बताया कि गुरुग्राम में दोपहर 1.30 बजे तक 70 मिमी बारिश हुई। राजीव चौक, इफ्को चौक, रेलवे रोड, सेक्टर 5, ओल्ड दिल्ली रोड, महरौली रोड और बसई रोड जैसे मुख्य इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो और तस्वीरें खूब शेयर की गईं, जिनमें लोग पानी से भरी सड़कों पर फंसने के बाद अपनी गाड़ियां छोड़कर जा रहे थे। स्कूल से घर लौट रहे छात्र ऊंची जगहों की ओर जाते दिखे, ताकि वे कीचड़ भरे बाढ़ के पानी में छिपे खुले मैनहोल से बच सकें।

बारिश की वजह से दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर भी ट्रैफिक धीमा हो गया, जिससे हजारों गाड़ियां बहुत धीमी रफ्तार से चलने को मजबूर हुईं। आने-जाने वालों ने बताया कि सिग्नेचर टॉवर से हीरो होंडा चौक तक के 15 मिनट के रास्ते को तय करने में कम से कम 50 मिनट लगे। साइबर हब के पास और गेटवे टॉवर मेट्रो स्टेशन के सामने एक्सप्रेसवे का एक बड़ा हिस्सा पानी में डूबा हुआ था, जिससे इस मुख्य सड़क पर ट्रैफिक बाधित हुआ। शीतला माता रोड भी सबसे ज्याता प्रभावित इलाकों में शामिल था।

दिल्ली में भारी बारिश और आंधी-तूफान की वजह से उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा, जिससे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों के आने-जाने में रुकावट आई और इससे जुड़े रूटों पर भी उड़ानें देर से चलीं। खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से कुल 15 उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट पर भेजा गया, जिनमें तीन इंटरनेशनल उड़ानें भी शामिल थीं। इनमें से 12 उड़ानों को जयपुर, दो को चंडीगढ़ और एक उड़ान को लखनऊ भेजा गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें