Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

बरनाला के हंडियाया गांव में चला पुलिस का पीला पंजा; नशा तस्करों की अवैध संपत्ति ध्वस्त

August 26, 2026

बरनाला के हंडियाया गांव में चला पुलिस का पीला पंजा; नशा तस्करों की अवैध संपत्ति ध्वस्त

बरनाला : पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत बरनाला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस प्रशासन ने गांव हंडियाया में नशा तस्करी से कथित तौर पर अवैध पैसों से बनाई गई अवैध संपत्ति पर बुलडोजर (पीला पंजा) चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मुस्तैद रहे।

पंचायत की जमीन पर किया गया था अवैध निर्माण
मौके पर पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहे एसपी बरनाला संजीव गोयल ने मीडिया को जानकारी दी कि आरोपी राजू सिंह पुत्र जूटा सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत विभिन्न मामलों सहित करीब 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि केवल राजू सिंह ही नहीं, बल्कि उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं और वर्तमान में परिवार के 2 सदस्य जेल में बंद हैं।

एसपी के अनुसार, शुरुआती जांच और पुलिस रिकॉर्ड से यह स्पष्ट हुआ है कि संबंधित व्यक्ति ने नशे की अवैध तस्करी से कमाए गए काले धन से यह अवैध निर्माण किया था। जांच में यह भी सामने आया कि यह पूरा निर्माण ग्राम पंचायत की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करके किया गया था। इस संबंध में संबंधित स्थानीय अधिकारियों की ओर से आरोपी पक्ष को कई बार कानूनी नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन तय समय में अतिक्रमण न हटाने पर प्रशासन ने यह कड़ी कार्रवाई की है।

अभिभावकों से की गई विशेष अपील
कार्रवाई के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए एसपी संजीव गोयल ने कहा कि पुलिस प्रशासन नशामुक्ति के लिए लगातार जमीन स्तर पर कार्रवाई कर रहा है, लेकिन इस मुहिम को पूरी तरह सफल बनाने में समाज और परिवारों की भी बहुत बड़ी भूमिका है। उन्होंने अभिभावकों से भावुक और सख्त अपील करते हुए कहा कि यदि उनके बच्चों में नशे से जुड़ी कोई भी समस्या या लक्षण दिखाई दें, तो उसे समाज के डर से छिपाने के बजाय समय रहते पहचानें और उनका उचित इलाज करवाएं। नशे की दलदल में फंस चुके युवाओं को बचाने के लिए सरकार द्वारा संचालित नशा मुक्ति और डी-एडिक्शन सेंटरों की मदद लेनी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब पुलिस नशे के आदी हो चुके युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाने और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा दिलाने में हरसंभव सहयोग करने के लिए तैयार है।

आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
पुलिस विभाग के मुताबिक, हंडियाया गांव में की गई यह विध्वंस कार्रवाई नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे राज्यव्यापी अभियान का एक अहम हिस्सा है। प्रशासन ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में भी नशे की अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें