
Municipal Commissioner inspected development works. : करनाल। नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने मंगलवार को वार्ड नंबर 18 का दौरा कर चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीवरेज, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, पार्कों और अन्य नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। वार्ड में करीब 2.29 करोड़ रुपये की लागत से 15 विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
निगमायुक्त ने भाट्ट कॉलोनी, मान कॉलोनी, प्रेम नगर, कृष्णा नगर तथा एकता कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने पार्षद तथा स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर विकास से संबंधित मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा समय-समय पर मौके पर जाकर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पार्षद से भी कहा कि वह भी विकास कार्यों पर अपनी निगरानी बनाकर रखें। कहीं कोई खामी दिखाई दे तो उसकी सूचना संबंधित अभियंताओं को दी जाए।
निगमायुक्त ने बताया कि वार्ड नम्बर 18 में कुल 15 विकास कार्यों के टेंडर लगाए गए थे। इनमें से 9 विकास कार्य मुकम्मल हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त 5 कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति मिलनी है, जबकि एक कार्य मानसून सीजन के बाद शुरू करवाया जाएगा। इन सभी विकास कार्यों पर करीब 2 करोड़ 29 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य वार्डवासियों को बेहतर सडक़, सीवरेज, जल निकासी, जलापूर्ति, पार्क तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। निगम प्रशासन द्वारा विकास कार्यों की गुणवत्ता तथा समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
दौरे की शुरुआत निगमायुक्त ने भाट्ट कॉलोनी क्षेत्र से की। यहां पार्षद ने सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या तथा गलियों के लेवल को दुरुस्त करवाने की मांग निगमायुक्त के समक्ष रखी। मौके पर संबंधित अभियंताओं ने बताया कि अमरूत-2 योजना के तहत इस क्षेत्र में सीवरेज एवं जलापूर्ति से संबंधित कार्य करवाए जाएंगे। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि फिलहाल क्षेत्र में पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीवरेज लाइन, बरसाती पानी निकासी लाइन तथा जलापूर्ति लाइन से संबंधित कार्य पूरे होने के बाद ही सडक़ का निर्माण करवाया जाए, ताकि भविष्य में सडक़ को दोबारा खोदने की आवश्यकता न पड़े। इस दौरान पार्षद एवं स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र की स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करवाने की मांग भी रखी। निगमायुक्त ने सहायक अभियंता (विद्युत) को निर्देश दिए कि क्षेत्र की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द से जल्द ठीक करवाया जाए। उन्होंने कहा कि शहर के किसी भी क्षेत्र में ब्लैक स्पॉट नहीं होना चाहिए और रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके पश्चात निगमायुक्त ने शिव कॉलोनी स्थित 8 एम.एल.डी. सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लांट के संचालन, रख-रखाव तथा कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने संचालन एवं रख-रखाव का कार्य देख रही एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि एसटीपी को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाए, ताकि सीवरेज एवं बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे और बारिश के दौरान आसपास की कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को एसटीपी की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्लांट नियमित एवं सुचारू रूप से संचालित होता रहे। निगमायुक्त ने पार्षद को भी समय-समय पर एसटीपी का निरीक्षण करते रहने को कहा, ताकि किसी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान करवाया जा सके। इस दौरान पश्चिमी यमुना नहर किनारे अवैध रूप से बनी डेयरी को उन्होंने पिंगली डेयरी कॉम्पलैक्स में स्थानांतरित करवाने के भी निर्देश दिए।
इसके बाद निगमायुक्त ने मान कॉलोनी क्षेत्र का दौरा किया। यहां विभिन्न गलियों में जलापूर्ति के लिए डाली जा रही पाइपलाइन के कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर कार्य रूका हुआ पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कनिष्ठ अभियंता को निर्देश दिए कि संबंधित एजेंसी को सख्त नोटिस जारी कर कार्य को तत्काल प्रभाव से शुरू करवाया जाए। उन्होंने कहा कि जिन गलियों में जलापूर्ति की लाइन डाली जा चुकी है, वहां रिस्टोरेशन का कार्य भी जल्द करवाया जाए, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। मौके पर कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि एजेंसी द्वारा करीब 1800 मीटर लंबाई की वाटर सप्लाई लाइन डाली जा चुकी है। निगमायुक्त ने शेष कार्य को भी समय पर पूरा करवाने तथा कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मेष: दिन शुभ रहेगा...