Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणवी एक्टर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या, जिम से निकलते ही बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

August 26, 2026

हरियाणवी एक्टर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या, जिम से निकलते ही बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम हरियाणवी एक्टर और यूट्यूबर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात शामली कोतवाली क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि अंकित शाम के समय जिम गए थे। जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी।

हमले में अंकित गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अंकित को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ गाने से मिली पहचान

अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक और सोशल मीडिया की दुनिया में काफी सक्रिय थे। उन्हें उनके चर्चित गाने ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ से खास पहचान मिली थी। उनके गाने और वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रहे। अंकित को शामली के बंतीखेड़ा गांव का रहने वाला हरियाणवी कलाकार बताया जा रहा है। साल 2023 में शामली में उनके रोड शो की भी चर्चा हुई थी।

जिला पंचायत चुनाव की तैयारी की भी चर्चा

बताया जा रहा है कि अंकित बालियान इन दिनों जिला पंचायत चुनाव की तैयारी भी कर रहे थे। ऐसे में उनकी हत्या की खबर सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि अंकित की हत्या किस वजह से की गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस हत्या के पीछे की वजह पता लगाने के लिए कई पहलुओं से जांच कर रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे किस रास्ते से आए और वारदात के बाद कहां फरार हुए।

पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। साथ ही, घटना से पहले अंकित की गतिविधियों और उनके संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के बाद ही हत्या की असली वजह और आरोपियों के बारे में पूरी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें