
11 doctors, 20 beds in Banjar; MLA raises questions : कुल्लू। बंजार विधानसभा क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का मुद्दा विधायक सुरेंद्र शौरी ने विधानसभा के मानसून सत्र में जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने करीब एक लाख की आबादी वाले क्षेत्र में महज 11 डॉक्टर, छह स्वास्थ्य संस्थान और 20 बेड उपलब्ध होने पर चिंता जताते हुए सरकार से रिक्त पद भरने और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की मांग की।
विधायक ने सदन में कहा कि सैंज घाटी, तीर्थन घाटी, गाड़ागुशैणी और दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से मरीजों को उपचार के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। सुरेंद्र शौरी ने कहा कि एक ओर प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर वर्तमान सरकार ने बंजार विधानसभा क्षेत्र के 8 स्वास्थ्य संस्थानों को डिनोटिफाई कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संस्थानों की सबसे अधिक आवश्यकता है, तो उन्हें बंद अथवा डिनोटिफाई करने का निर्णय जनता के हित में कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में बंजार विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए थे। बंजार नागरिक अस्पताल तथा बजौरा आयुर्वेदिक अस्पताल के भवन निर्माण से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्व सरकार के समय पूरी कर दी गई थीं, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इन दोनों महत्वपूर्ण भवनों का निर्माण कार्य अब तक अधर में लटका है। विधायक ने सरकार से मांग की कि बंजार नागरिक अस्पताल और बजौरा आयुर्वेदिक अस्पताल के लंबित भवन निर्माण कार्यों को तत्काल गति दी जाए।
स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक डॉक्टर, विशेषज्ञ चिकित्सक, नर्सिंग एवं अन्य पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थान तभी प्रभावी होंगे जब उनमें डॉक्टर और पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध होगा। केवल भवन खड़े करने से स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर नहीं होतीं। बंजार जैसे दुर्गम विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विशेष प्राथमिकता और अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता है। सुरेंद्र शौरी ने सदन में बहुचर्चित मंजू शर्मा मौत मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जा सके और यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो जिम्मेदारी तय की जा सके। उन्होंने कहा कि बंजार की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं बल्कि सरकार की संवैधानिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि बंजार विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था की समग्र समीक्षा कर रिक्त पद भरने, डिनोटिफाई किए गए स्वास्थ्य संस्थानों के संबंध में पुनर्विचार करने, अस्पतालों में बेड क्षमता बढ़ाने तथा लंबित भवन निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...