Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

21 साल की मॉडल मुस्कान की हत्या, जिम ट्रेनर पर घर में घुसकर चाकू से हमला करने का आरोप

August 27, 2026

21 साल की मॉडल मुस्कान की हत्या, जिम ट्रेनर पर घर में घुसकर चाकू से हमला करने का आरोप

नई दिल्लीः दिल्ली के पश्चिमी इलाके तिलक नगर के ओल्ड महावीर नगर में बुधवार शाम एक 21 साल की छात्रा और मॉडल की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मुस्कान नाम की युवती उस समय अपने घर में अकेली थी। आरोप है कि एक जिम ट्रेनर घर में घुसा और उसने मुस्कान पर चाकू से कई बार हमला किया। घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पड़ोसियों ने चीख सुनकर घर की ओर पहुंचे
पुलिस के अनुसार, मुस्कान के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी उसके घर की ओर पहुंचे। वहां उन्होंने मुस्कान को खून से लथपथ हालत में पाया। पड़ोसियों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी और आरोपी ने वारदात को कैसे अंजाम दिया।

परिवार ने जिम ट्रेनर पर लगाया आरोप
मुस्कान के परिवार ने हत्या का आरोप इमरान नाम के जिम ट्रेनर पर लगाया है। परिवार का कहना है कि इमरान कथित तौर पर मुस्कान को परेशान कर रहा था। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, परिवार ने घर के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखने के बाद आरोपी की पहचान जिम ट्रेनर के रूप में होने का दावा किया है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटनाक्रम की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

 

चार मंजिला इमारत में रहता था परिवार
पुलिस ने बताया कि मुस्कान अपने माता-पिता और चार भाई-बहनों के साथ मंगला अस्पताल के पास स्थित एक चार मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर रहती थी। बुधवार शाम जब यह घटना हुई, उस समय मुस्कान घर में अकेली थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर घर में घुसा और उस पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद वह वहां से भाग गया।

दोस्त अमन ने बताई पूरी बात
मुस्कान के दोस्त अमन ने मीडिया को बताया कि घटना के बाद उसे मुस्कान की बड़ी बहन का फोन आया। बहन ने उसे तुरंत घर आने के लिए कहा। अमन के मुताबिक, फोन पर उसे बताया गया कि मुस्कान को चाकू मार दिया गया है। इसके बाद वह तुरंत उसके घर पहुंचा। अमन ने यह भी दावा किया कि मुस्कान के परिवार ने उसे बताया था कि आरोपी उसे पहले से परेशान कर रहा था।

पढ़ाई पूरी करने के बाद मॉडलिंग कर रही थी मुस्कान
अमन ने बताया कि मुस्कान ने अपनी ग्रेजुएशन पूरी कर ली थी। वह पार्ट-टाइम मॉडल के तौर पर भी काम कर रही थी। परिवार और दोस्तों के बयानों के आधार पर पुलिस अब मुस्कान और आरोपी के बीच संबंधों तथा कथित तौर पर पहले हुई किसी परेशानी की भी जांच कर रही है।

आरोपी की तलाश में छापेमारी
पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई जगहों पर तलाशी शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, जिम और आरोपी के घर पर भी छापे मारे गए हैं। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सबूतों की मदद से उसकी तलाश कर रही है। मामले में हत्या की वजह, आरोपी और मुस्कान के बीच संबंध तथा घटना से पहले की परिस्थितियों की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े कई सवालों के जवाब मिल सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें