Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

AI से तैयार भ्रामक पोस्ट फेसबुक पर डालना पड़ा भारी, शिमला पुलिस ने किया गिरफ्तार

August 28, 2026

AI से तैयार भ्रामक पोस्ट फेसबुक पर डालना पड़ा भारी, शिमला पुलिस ने किया गिरफ्तार

शिमला: सोशल मीडिया पर हिमाचल विधानसभा के बाहर पुलिस जवानों द्वारा धरना-प्रदर्शन किए जाने संबंधी भ्रामक जानकारी प्रसारित करने के मामले में शिमला पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस थाना सदर शिमला में इस संबंध में अभियोग संख्या 110/2026, दिनांक 27 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(1)(b), 196(1)(b) और 336(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान सामने आया कि कर्मचन्द भाटिया ने अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से एक ऐसी पोस्ट प्रसारित की, जिसमें हिमाचल विधानसभा के बाहर पुलिस जवानों के धरना-प्रदर्शन करने का दावा किया गया था। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि ऐसी कोई घटना वास्तव में घटित नहीं हुई थी।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उक्त पोस्ट AI आधारित एप्लीकेशन की सहायता से तैयार की गई थी और बाद में इसे फेसबुक पर अपलोड किया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी कर्मचन्द भाटिया को 27 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय JMIC-8 शिमला के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्ट तैयार करने तथा प्रसारित करने से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

शिमला पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भ्रामक या तथ्यहीन जानकारी फैलाकर कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें