Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘प्रेमानंद जी की सलाह मानी और…’, 2 करोड़ की फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने कमाए 12 करोड़

August 29, 2026

‘प्रेमानंद जी की सलाह मानी और…’, 2 करोड़ की फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने कमाए 12 करोड़

मुंबई: बड़े बजट और बड़े सितारों वाली फिल्मों के बीच एक कम बजट की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर सबको चौंका दिया है। 31 जुलाई को रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने शुरुआती दो हफ्तों में भले ही धीमी कमाई की, लेकिन तीसरे हफ्ते में इसकी कमाई में अचानक बड़ा उछाल देखने को मिला।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 1.8 से 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक लगभग 12 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। खास बात यह है कि फिल्म ने अपनी लागत के मुकाबले कई गुना ज्यादा कमाई कर ली है।

पहले दो हफ्तों में धीमी रही कमाई

ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के पहले दिन करीब 10 लाख रुपये कमाए थे। पहले हफ्ते में फिल्म का कुल कलेक्शन लगभग 1.08 करोड़ रुपये रहा। दूसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई और कम हो गई। इस दौरान फिल्म ने करीब 40 लाख रुपये का कारोबार किया। यानी दो हफ्ते पूरे होने के बाद फिल्म की कुल कमाई लगभग 1.5 करोड़ रुपये ही थी। ऐसा लग रहा था कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा बड़ा कमाल नहीं कर पाएगी। लेकिन तीसरे हफ्ते में पूरी तस्वीर बदल गई।

तीसरे हफ्ते में अचानक बढ़ी कमाई

तीसरे हफ्ते में ‘हनुमान अंश’ की कमाई में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। फिल्म ने अकेले तीसरे हफ्ते में करीब 10.5 करोड़ रुपये कमा लिए। इस तरह फिल्म का कुल कलेक्शन करीब 12 करोड़ रुपये पहुंच गया। महज 2 करोड़ रुपये के आसपास के बजट में बनी फिल्म के लिए यह आंकड़ा काफी बड़ा माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई लोग फिल्म की कहानी और इसके आध्यात्मिक पहलू की तारीफ कर रहे हैं।

रिलीज से पहले प्रेमानंद जी महाराज से ली थी सलाह

फिल्म की कमाई के साथ इसकी रिलीज से पहले की कहानी भी चर्चा में है। फिल्म के डायरेक्टर और राइटर विशाल चतुर्वेदी ने एक चैनल के साथ बातचीत में बताया कि शूटिंग पूरी होने के बाद फिल्म के एक प्रोड्यूसर प्रेमानंद जी महाराज से मिलने गए थे। मेकर्स ने उनसे फिल्म की रिलीज को लेकर सलाह मांगी थी।

विशाल चतुर्वेदी के मुताबिक, प्रेमानंद जी महाराज ने फिल्म के मुख्य किरदार की लाइफस्टाइल को लेकर कुछ खास सावधानियां बरतने की सलाह दी थी। उन्होंने मुख्य कलाकार को शाकाहारी भोजन करने और अपनी जीवनशैली को लेकर सावधान रहने की सलाह दी। मेकर्स ने इस सलाह को गंभीरता से लिया और फिल्म से जुड़े लोगों ने इसका पालन करने की कोशिश की।

प्रमोशन के लिए पैसे नहीं थे, भंडारे को बनाया प्रचार का जरिया

फिल्म की मार्केटिंग की कहानी भी काफी अलग है। विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि जब फिल्म के प्रमोशन का समय आया, तब मेकर्स के पास प्रचार के लिए ज्यादा पैसे नहीं थे। ऐसे में टीम ने फिल्म को प्रमोट करने का एक अलग तरीका अपनाया। मेकर्स ने तय किया कि फिल्म के प्रचार के साथ नीम करोली बाबा का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

इसके लिए टीम ने कुल 8 भंडारों का आयोजन किया। इन भंडारों के जरिए लोगों तक फिल्म के बारे में जानकारी पहुंचाई गई। यानी मेकर्स ने पारंपरिक विज्ञापन पर ज्यादा पैसा खर्च करने के बजाय भंडारों को ही अपने प्रचार अभियान का हिस्सा बना दिया। मेकर्स के मुताबिक, मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद फिल्म को सेंसर बोर्ड यानी CBFC से U सर्टिफिकेट भी आसानी से मिल गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें