Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

Mandi: जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का समापन, तीन टीमों ने जीते खिताब

August 30, 2026

Mandi: जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का समापन, तीन टीमों ने जीते खिताब

मंडी: हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय हॉकी खेल प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को पड्डल स्टेडियम मंडी में किया गया। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने समापन समारोह की अध्यक्षता की और विजेताओं को पुरस्कार बांटे।

उपायुक्त ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यान चंद के जीवन और खेल उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए खिलाड़ियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा खेल के क्षेत्र में कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने खिलाड़ियों से फिटनेस पर विशेष ध्यान देने और शारीरिक एवं मानसिक दृढ़ता बनाए रखने का आग्रह भी किया।

प्रतियोगिता के वरिष्ठ लड़कों के वर्ग में पड्डल स्पोर्ट्स क्लब मंडी ने खेल छात्रावास सुंदरनगर को रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में 7-6 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वरिष्ठ लड़कियों के वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुंदरनगर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी को 3-0 से पराजित किया। वहीं अंडर-14 वर्ग में पड्डल स्पोर्ट्स सेंटर मंडी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी को पेनल्टी शूटआउट में 6-5 से हराया।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफियां एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान पूर्व खिलाड़ियों प्रकाश, भूपेंद्र सेन, नीरू शर्मा, डॉ. अर्जुन पाठक तथा जसवंत कुमार को भी खेलों में उनके योगदान के लिए स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ सेवानिवृत्त हॉकी प्रशिक्षक, भारतीय खेल प्राधिकरण के कुबेर शर्मा ने किया। प्रतियोगिता में मंडी जिला के लगभग 150 खिलाड़ियों, जिनमें लड़के और लड़कियां शामिल थीं, ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर प्रशिक्षक विक्रम सिंह, आशीष सेन, लोकेश, कमल किशोर तथा अन्य कर्मचारी कमलेश ठाकुर, चिराग, नेक राम, पूर्ण, नरेश, बलदेव सहित अन्य उपस्थित रहे।

📍 Location: Mandi (Mandi)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें