Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

नादौन में 17.52 करोड़ से बनेगा नया स्कूल भवन, CM सुक्खू ने रखी आधारशिला

August 30, 2026

नादौन में 17.52 करोड़ से बनेगा नया स्कूल भवन, CM सुक्खू ने रखी आधारशिला

शिमला: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज जिला हमीरपुर के नादौन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के नए भवन की आधारशिला रखी। इस भवन का निर्माण 17.52 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। स्कूल भवन में छः कक्षाएं, सात प्रयोगशालाएं, दो स्टाफ रूम, प्रधानाचार्य कार्यालय, बिजली कक्ष, एनएसएस कक्ष, सम्मेलन कक्ष, पुस्तकालय, नियंत्रण कक्ष, संगीत कक्ष, नृत्य कक्ष और कला कक्ष सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भावी स्कूल भवन काफी पुराना हो चुका है और नए परिसर का निर्माण इस वर्ष दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नया स्कूल परिसर आधुनिक, विशाल और आकर्षक होगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती पूरी तरह योग्यता और मेरिट के आधार पर की जा रही है। स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 30 सितंबर तक अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।

सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने को प्राथमिकता दे रही है, ताकि विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने घर के नजदीक ही बेहतर शिक्षा की सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि नादौन में एक अत्याधुनिक खेल परिसर भी विकसित किया जा रहा है, जहां लगभग 14 इनडोर खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सरकार खेल पर्यटन को बढ़ावा देकर क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में कार्य कर रही है।

सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और लोगों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और लोगों के लिए स्थायी आजीविका तथा रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए कई योजनाएं लागू कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर जिले में एम्स स्तर का आयुर्वेदिक संस्थान स्थापित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इसके लिए लगभग 74 बीघा भूमि चिन्हित की गई है और संस्थान के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए हिमाचल प्रदेश देश के पांच शॉर्टलिस्ट किए गए राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में एक एलाइड एंड हेल्थ केयर मेडिकल कॉलेज भी स्थापित किया जाएगा और इसे जल्द से जल्द शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नादौन पुल के पास ब्यास नदी के किनारे लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से एक नया घाट भी विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही बस स्टैंड को भी स्तरोन्नत किया जाएगा, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार प्रदेश के लोगों को बेहतर सुविधाएं और सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता की समस्याओं के समाधान और सरकारी सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक और कानूनी अड़चनों को दूर किया जा रहा है तथा आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने नादौन की जनता का लगातार मिल रहे स्नेह और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोगों के प्यार और विश्वास ने मुझे मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचाया है और मैं उनके कल्याण तथा क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं।

इस मौके पर विधायक संजय रतन, हिमाचल प्रदेश अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांग्रेस नेता सुभाष ढटवालिया, कैप्टन पृथ्वी चंद, अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक गर्ग, पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें