
जालंधर: पंजाब सरकार ने आलू उत्पादकों को बड़ी सुविधा देते हुए जालंधर के ढोगड़ी गांव स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर पोटैटो में क्षेत्र की पहली सरकारी स्वामित्व वाली वायरस इंडेक्सिंग लैबोरेटरी शुरू की है। करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई यह अत्याधुनिक प्रयोगशाला आलू की खेती को बीमारियों से बचाने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
आज, पंजाब के बागवानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री महेंद्र भगत ने इस लैब का उद्घाटन किया। इस अवसर पर करतारपुर के विधायक बलकार सिंह, बागवानी विभाग के निदेशक मनीष कुमार सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में आलू बीज उत्पादक मौजूद रहे।
संक्रमित बीज की पहचान में मिलेगी मदद
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री महेंद्र भगत ने कहा कि नई प्रयोगशाला आधुनिक डायग्नोस्टिक तकनीक से लैस है। इसकी मदद से आलू के बीजों में मौजूद वायरस का शुरुआती स्तर पर पता लगाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि संक्रमित बीज की समय रहते पहचान होने से किसानों को ऐसे बीज की बुआई से बचाया जा सकेगा। इससे खेतों में बीमारी फैलने का खतरा कम होगा और फसल को होने वाले बड़े नुकसान को रोका जा सकेगा।
बीमारी मुक्त बीज उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
पंजाब सरकार के अनुसार, प्रयोगशाला का एक प्रमुख उद्देश्य प्रमाणित, उच्च गुणवत्ता वाले और रोग-मुक्त आलू बीज तैयार करने की प्रक्रिया को मजबूत करना है। इससे आलू की फसल की उत्पादकता बढ़ाने के साथ किसानों की लागत और संभावित नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है।
मंत्री ने कहा कि यह सुविधा जालंधर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे पंजाब के आलू उत्पादकों के लिए उपयोगी साबित होगी। उन्होंने किसानों को राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि ग्रामीण विकास को गति देने के लिए सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत करने पर लगातार काम कर रही है।
पंजाब की कृषि से जुड़ी है राज्य की समृद्धि: विधायक
करतारपुर के विधायक बलकार सिंह ने कहा कि पंजाब की आर्थिक तरक्की सीधे तौर पर कृषि क्षेत्र की मजबूती से जुड़ी हुई है। किसानों को सशक्त किए बिना राज्य के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।
उन्होंने उम्मीद जताई कि वायरस इंडेक्सिंग लैब आलू की फसल को बीमारियों से बचाने, उत्पादन में होने वाले नुकसान को कम करने और किसानों की आय को स्थिर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कई जिलों के अधिकारी और 200 से अधिक किसान पहुंचे
लैब के उद्घाटन कार्यक्रम में कपूरथला, होशियारपुर, लुधियाना, तरनतारन और अमृतसर सहित आसपास के जिलों के अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में 200 से अधिक आलू बीज उत्पादकों ने हिस्सा लिया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...