
SE dies on the day of retirement : करनाल। बिजली निगम के सस्पेंडेड सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (एसई) गीतूराम तंवर की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिस दिन उन्हें सेवानिवृत्त होना था, उसी दिन उनका शव डीएवी स्कूल के पास कार की पिछली सीट पर मिला।

परिजनों के मुताबिक, तंवर के मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतक की बेटी नीति तंवर ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित एडिटेड वीडियो और विभागीय व मानसिक उत्पीड़न को पिता की मौत से जोड़ते हुए चार अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस को एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पत्नी के लिए लिखा है—“तू हिम्मत मत हारियो।” बता दें कि 58 वर्षीय जीतूराम तंवर सोमवार सुबह परिजनों से यह कहकर घर से निकले थे कि वे ‘अपनी आखिरी चिट्ठी देकर आते हैं’।
जब वे काफी देर तक नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान तंवर की कार डीएवी स्कूल के बाहर खड़ी मिली। कार की पिछली सीट पर वे बेसुध पड़े थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें जीतूराम तंवर कथित तौर पर ‘जाट-झोट्टा जहां मिलेगा, वहीं लट्ठ मारूंगा’ कहते सुने गए थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद बिजली विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया था।
मृतक की बेटी नीति तंवर ने दावा किया कि कुछ लोगों ने उनके पिता को साथ बैठाकर मजाक-मजाक (जोक्स) में कुछ बातें बुलवाई थीं। बाद में उस रिकॉर्डिंग से छेड़छाड़ और एडिटिंग करके उसे सोशल मीडिया पर फैला दिया गया। पिता ने 36 बिरादरी के साथ अपने अच्छे संबंधों का हवाला देते हुए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी, लेकिन इसके बावजूद उनके खिलाफ माहौल बनाया गया। नीति तंवर का आरोप है कि सोनीपत में पदस्थापना के दौरान पिछले तीन वर्षों से उनके पिता लगातार मानसिक दबाव में थे। उन्होंने विभाग के चार अधिकारियों—जो वर्तमान में SDO और XEN के पदों पर तैनात हैं—पर उत्पीड़न का सीधा आरोप लगाया है।
तलाश के दौरान पुलिस और परिजनों को एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें तंवर ने अपनी पत्नी के लिए लिखा, “तू हिम्मत मत हारियो।” उन्होंने नोट में यह भी विश्वास जताया है कि कानून उन्हें न्याय दिलाएगा और दोषियों पर कार्रवाई होगी। परिजनों ने सुसाइड नोट पुलिस के सुपुर्द कर दिया है और मामले में शामिल चारों अधिकारियों के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...