
कुल्लू: अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) सुरजीत सिंह राठौर की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रस्तावित भवन निर्माण की प्रक्रिया को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में एडीएम ने सभी संबंधित विभागों को भवन निर्माण से जुड़ी सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य शुरू करने में किसी प्रकार का विलंब न हो। उन्होंने निर्माण कार्य एवं नगर नियोजन की अनुमति के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार करने तथा संबंधित औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने को कहा।
उन्होंने नगर परिषद कुल्लू तथा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग से भवन निर्माण के लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने संबंधी प्रक्रिया को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। एडीएम ने प्रस्तावित भवन स्थल पर वर्तमान में मौजूद पुराने भवनों को असुरक्षित घोषित करने तथा उन्हें गिराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने एसडीएम को इन भवनों में संचालित कार्यालयों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने विद्युत विभाग को भवन निर्माण कार्य में बाधा बन रही विद्युत लाइन को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग, विद्युत बोर्ड, नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, नगर परिषद सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
📍 Location: Kullu (कुल्लू)
मेष: दिन शुभ रहेगा...