
Gael Monfils: गेल मोनफिल्स ने लुइस आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में खचाखच भरी भीड़ के सामने वैलेजो को 2-6, 6-1, 6-2, 6-0 से हराकर यूएस ओपन के अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। यह यूएस ओपन में मोनफिल्स की कुल 34वीं मैच जीत है। इस जीत के साथ उन्होंने अपने 40वें जन्मदिन को भी यादगार बना दिया।
यूएस ओपन के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 50 वर्षों में मोनफिल्स 40 या उससे अधिक उम्र में यूएस ओपन का मैच जीतने वाले केवल तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले 1977 में दो बार के यूएस ओपन चैंपियन केन रोजवॉल ने 42 साल की उम्र में और 1992 में पांच बार के यूएस ओपन चैंपियन जिमी कॉनर्स ने 40 साल की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।
मुकाबले के बाद मोनफिल्स ने अपनी जीत और जन्मदिन को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि 40 का आंकड़ा अपने आप में खास है और इस दिन अच्छा मैच खेलना इसे और भी विशेष बनाता है। फ्रांसीसी खिलाड़ी ने इसे अपने सबसे अच्छे जन्मदिनों में से एक बताया और कहा कि उन्हें याद नहीं कि इससे बेहतर जन्मदिन कब रहा होगा।
ये भी पढे़ं :–https://dainiksaveratimes.com/sports/us-open-gauff-andreeva-first-round-win-second-round/
पूर्व विश्व नंबर-6 मोनफिल्स ने सीजन की शुरुआत में घोषणा की थी कि 2026 उनका रिटायरमेंट से पहले आखिरी टूर होगा। हालांकि, न्यूयॉर्क में उन्हें लगातार दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। इससे पहले उन्होंने अपनी पत्नी और डब्ल्यूटीए स्टार एलिना स्वितोलिना के साथ मिक्स्ड डबल्स इवेंट में भी हिस्सा लिया था।
लुइस आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में मोनफिल्स का हौसला बढ़ाने वालों में उनकी पत्नी स्वितोलिना भी मौजूद थीं। दोनों ने पिछले सप्ताह मिक्स्ड डबल्स में जोड़ी बनाकर सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। इसके बाद स्वितोलिना मोनफिल्स के 40वें जन्मदिन के खास मौके पर उन्हें सपोर्ट करने के लिए स्टैंड में पहुंचीं।
अब पीआईएफ एटीपी रैंकिंग में पूर्व नंबर-6 मोनफिल्स की नजर दूसरे दौर की चुनौती पर है। उनका सामना 20 वर्षीय अमेरिकी खिलाड़ी लर्नर टिएन से होगा। दोनों के बीच पिछली एकमात्र एटीपी भिड़ंत पिछले महीने मॉन्ट्रियल में हुई थी, जहां टिएन ने तीन सेट में जीत दर्ज की थी। उस मुकाबले के बाद टिएन ने मोनफिल्स से उनका सिग्नेचर भी मांगा था।