
Lakshya Sen: लक्ष्य सेन का चाइना मास्टर्स अभियान बुधवार को समाप्त हो गया। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी को राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में कनाडा के विक्टर लाई के खिलाफ सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा। सेन को शेन्जेन एरिना में 2026 वर्ल्ड चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता लाई ने 14-21, 7-21 से हराया।
यह कनाडाई खिलाड़ी के खिलाफ सेन की करियर की चौथी भिड़ंत थी, जिसमें उन्हें तीसरी हार मिली। इस साल लाई ने सेन को तीसरी बार हराया है। इससे पहले उन्होंने थॉमस कप और जुलाई में चाइना ओपन के राउंड ऑफ 16 में भी भारतीय शटलर को शिकस्त दी थी।
लाई के खिलाफ सेन की एकमात्र जीत मार्च में ऑल इंग्लैंड ओपन के सेमीफाइनल में आई थी। उस मुकाबले में सेन ने कड़े संघर्ष के बाद 21-16, 18-21, 21-15 से जीत दर्ज की थी। हालांकि, चाइना मास्टर्स में वह कनाडाई खिलाड़ी के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके और मुकाबला आसानी से गंवा बैठे।
ये भी पढे़ं :– https://dainiksaveratimes.com/sports/us-open-tennis-alexandra-eala-defeats-marie-stoyana-second-round/
सेन को टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में फ्रांस के नए वर्ल्ड चैंपियन एलेक्स लैनियर का सामना करना था, लेकिन नई दिल्ली में खिताब जीतने के बाद लैनियर ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद सेन का सामना विक्टर लाई से हुआ। पिछले महीने घरेलू वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी सेन का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, जहां वह अमेरिका के गैरेट टैन से हारकर दूसरे दौर में बाहर हो गए थे।
इससे पहले 2021 वर्ल्ड चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता किदांबी श्रीकांत ने ची यू-जेन को 21-16, 21-15 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। पुरुष एकल में रौनक चौहान ने चीन के लियू यू शुआन को 21-15, 21-18 से हराया, जबकि सनीथ दयानंद ने तीसरी वरीयता प्राप्त चीन के डोंग तियान याओ को 9-21, 21-18, 21-15 से मात दी। वहीं, किरण जॉर्ज को जापान के शोगो ओगावा के खिलाफ 15-21, 23-21, 10-21 से हार मिली।
महिला एकल में अनमोल खरब ने हांगकांग की लियांग का विंग को 21-17, 21-9 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई, जबकि अश्मिता चालिहा ने थाईलैंड की पोर्नपिचा चोइकीवोंग को 21-17, 23-21 से मात दी। मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो की भारतीय जोड़ी ने थाई जोड़ी टोंकिड साएहेंग और टोनरुग साएहेंग को 21-8, 21-9 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।