Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

फिरोजपुर मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान जारी, अगस्त में 24,434 यात्रियों पर की कार्रवाई

September 2, 2026

फिरोजपुर मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान जारी, अगस्त में 24,434 यात्रियों पर की कार्रवाई

अमृतसर: फिरोजपुर मंडल की ओर से ट्रेनों में बिना टिकट एवं अनधिकृत यात्रा पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सघन एवं निरंतर टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा अगस्त 2026 के दौरान ट्रेनों में की गई टिकट जाँच के दौरान कुल 24,434 यात्री बिना टिकट अथवा अनियमित रूप से यात्रा करते हुए पाए गए। इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में 2.17 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व वसूल किया गया।

इसके अतिरिक्त, रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने तथा यात्रियों एवं आमजन को स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने से रोकने और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर नियमित रूप से जाँच अभियान चलाए जाते हैं। इसी क्रम में अगस्त 2026 के दौरान 166 यात्रियों को स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने के लिए एंटी-लिटरिंग एक्ट के तहत दंडित किया गया, जिनसे 69 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक, फिरोजपुर संजीव कुमार ने बताया कि मंडल में टिकट चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। इन अभियानों का मुख्य उद्देश्य वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। नियमित टिकट चेकिंग के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बिना टिकट अथवा अनधिकृत रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों के कारण वैध यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें