Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

September 4, 2026

मोगा में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

मोगा: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 10 ग्राम हेरोइन और 365 नशीली गोलियां बरामद की हैं। सभी मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशीले पदार्थों की सप्लाई के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

थाना बाघापुराना पुलिस ने गश्त के दौरान दो व्यक्तियों को 10 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। इस संबंध में जानकारी देते हुए हवलदार बलराज सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध व्यक्तियों को काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखन पुत्र पप्पू राम निवासी महंतां वाला विहड़ा, बाघापुराना तथा गुरछिंदर सिंह पुत्र लखवीर सिंह निवासी लंगियाणा नवां के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से कुल 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हेरोइन कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।

इसी तरह थाना सिटी साउथ मोगा पुलिस ने गांव झंडेयाला क्षेत्र में गश्त के दौरान एक व्यक्ति को 170 नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया। थाना सिटी साउथ के पुलिस अधिकारी सरताज सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे गुरजंट सिंह उर्फ जंटा पुत्र गुरप्रीत सिंह निवासी गांव सिंघांवाला को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 170 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस उससे पूछताछ कर गोलियों की सप्लाई के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।

थाना फतेहगढ़ पंजतूर पुलिस ने भी नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 70 नशीली गोलियों सहित काबू किया। सहायक थानेदार दर्शन सिंह पुलिस पार्टी के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक नशीली गोलियां लेकर क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुलदीप मसीह उर्फ बिट्टू पुत्र पंजाब मसीह निवासी मोहल्ला नूरपुर गेट, धर्मकोट तथा रिकी गाबा उर्फ कालू पुत्र उम प्रकाश निवासी मोहल्ला नूरपुर गेट, धर्मकोट को काबू किया। दोनों की तलाशी लेने पर कुल 70 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

वहीं थाना धर्मकोट पुलिस ने गांव बीजापुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 125 नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया। थाना धर्मकोट के पुलिस अधिकारी कुलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को काबू किया गया। आरोपियों की पहचान गुरविंदर सिंह निवासी संगला तथा लखबीर सिंह पुत्र रेशम सिंह निवासी भोएपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 125 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार गोलियां खुली अवस्था में थीं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में नशे की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और मुखबिर तंत्र के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नशीले पदार्थ उन्हें कहां से मिले और इनके पीछे कोई बड़ा सप्लाई नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें