Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा में ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ मशाल का भव्य स्वागत

September 4, 2026

मोगा में ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ मशाल का भव्य स्वागत

Welcoming ‘Khedan Watan Punjab Diyan-2026’ : मोगा। पंजाब में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से निकाली जा रही ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ की मशाल का मोगा जिले में उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, विधायक मनजीत सिंह बिलासपुर और डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने मशाल मार्च की अगुवाई करते हुए युवाओं से खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

ढुड्डीके में विधायक मनजीत सिंह बिलासपुर तथा मोगा में विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा और डिप्टी कमिश्नर मोगा श्री सागर सेतिया ने मशाल मार्च की अगुवाई की। ढुड्डीके में मशाल की अगुवाई करते हुए निहाल सिंह वाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री मनजीत सिंह बिलासपुर ने कहा कि पंजाब की धरती ने हमेशा देश और दुनिया को शानदार खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा युवा प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसके उपरांत मशाल मोगा शहर में दाखिल हुई और जोगिंदर सिंह चौक से होते हुए भूपिंदरा खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मोगा पहुंची।

यहां आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मोगा विधानसभा क्षेत्र की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा और डिप्टी कमिश्नर मोगा श्री सागर सेतिया ने विशेष रूप से शिरकत करते हुए मशाल का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रसिद्ध गायक गगन कोकरी भी मौजूद थे। विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों से राज्य के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए एक विशाल मंच मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ ने गांवों से लेकर शहरों तक खेलों के प्रति नया उत्साह पैदा किया है और बड़ी संख्या में युवा इन खेलों से जुड़ रहे हैं।

डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने कहा कि जिले में 9 से 18 सितंबर तक ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी और इन्हें सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। खिलाड़ी sports.punjab.gov.in के माध्यम से पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएं और ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। मशाल 5 सितंबर को गोदेवाला इंडोर स्टेडियम, मोगा से गांव थराज के लिए रवाना होगी, जहां से इसे आगे जिला बठिंडा के लिए रवाना किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें