Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi ने मेलोनी को इटली के युद्धोत्तर इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर बधाई दी

September 5, 2026

PM Modi ने मेलोनी को इटली के युद्धोत्तर इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर बधाई दी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपनी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी को इटली के युद्धोत्तर इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने के लिए बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि इतालवी लोगों के उनकी नेतृत्व क्षमता पर भरोसे और विश्वास को दर्शाती है। मेलोनी (49) 22 अक्तूबर 2022 से इटली की प्रधानमंत्री हैं। वीरवार को पद पर 1,413 दिन पूरे करने के बाद वह द्वितीय विश्व युद्ध के उपरांत इटली में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद संभालने वाली नेता बन गईं।

वह इस पद पर पहुंचने वाली इटली की पहली महिला भी हैं। मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मेरी मित्र प्रधानमंत्री मेलोनी को इटली के युद्धोत्तर इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर बधाई। यह उपलब्धि इतालवी लोगों के उनके नेतृत्व पर भरोसे और विश्वास को दर्शाती है।’ मोदी ने कहा कि मेलोनी की मित्रता ने भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि वह दोनों देशों के लोगों के समृद्ध भविष्य के निर्माण के लिए करीबी सहयोग जारी रखने को लेकर उत्सुक हैं। उन्होंने कहा, आने वाले वर्षों में उनकी निरंतर सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं। मोदी खुद 10 जून, 2026 को भारत के लगातार सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने लगातार 4,399 दिन पद पर रहते हुए यह उपलब्धि हासिल की थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें